फिर एक पुलिसकर्मी की बेटी ने किया कमाल
Prayagraj News - प्रयागराज की शक्ति दुबे ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 में पूरे देश में टॉप किया है। उनके पिता देवेंद्र दुबे प्रयागराज में पुलिस महकमे में सब इंस्पेक्टर हैं। शक्ति की सफलता ने यह साबित किया है कि परिवार...

प्रयागराज। सिविल सेवा परीक्षा 2024 का परिणाम संगमनगरी के पुलिस महकमे के लिए भी गर्व का विषय बना है। एक बार फिर पुलिसकर्मी की बेटी ने सफलता के शीर्ष पर पहुंचकर सफलता के पीछे अनुशासित जीवन का मूलमंत्र दिया है। आईएएस की परीक्षा में पूरे देश में टॉप करने वाली शक्ति दुबे के पिता देवेन्द्र दुबे एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस ट्रैफिक प्रयागराज कार्यालय में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। वहीं 2022 की परीक्षा में चौथा प्राप्त करने वाली बाघम्बरी गद्दी अल्लापुर की स्मृति मिश्रा के पिता राजकुमार मिश्रा भी परिणाम जारी होने के समय बरेली में सीओ द्वितीय के रूप में तैनात थे। एक साल बाद फिर बेटी ने मारी बाजी
प्रयागराज। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में शक्ति दुबे के रूप में एक साल बाद फिर बेटी ने टॉप किया है। 2023 की परीक्षा में लखनऊ के आदित्य ने टॉप किया था। 2022 में इशिता किशोर जबकि 2021 में श्रुति शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
पूर्व सांसद ने आईएएस टॉपर को दी बधाई
पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने शक्ति दुबे को यूपीएससी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी है। कहा कि शक्ति ने प्रयागराज का सम्मान बढ़ाया है और सिद्ध कर दिया कि यदि परिवार का विश्वास और प्रोत्साहन मिले तो लगन और परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। शक्ति के साथ-साथ अन्य लड़कियों ने मेरिट के प्रथम दस स्थानों में चार व प्रथम 20 में आठ स्थान प्राप्त कर जो कीर्तिमान स्थापित किया है वह आने वाले समय में अनगिनत लड़कियों को प्रेरित करेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।