सौम्या, स्मृति के बाद अब शक्ति ने बढ़ाया शहर का मान
Prayagraj News - प्रयागराज की शक्ति दुबे ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में पूरे देश में टॉप किया है। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई प्रयागराज में की और स्नातक भी यहीं से किया। यह तीसरा मौका है जब प्रयागराज की...
प्रयागराज। शिक्षा की नगरी के रूप में विख्यात प्रयागराज का सिर एक बार फिर बेटी ने गर्व से ऊंचा कर दिया। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में पूरे देश में टॉप करने वाली शक्ति दुबे प्रतियोगी छात्रों के लिए रोल मॉडल बनकर उभरी हैं। खास बात यह है कि शक्ति ने प्रयागराज से ही 12वीं तक पढ़ाई की और स्नातक भी यहीं से किया है। पिछले एक दशक के परिणाम पर नजर दौड़ाएं तो यह तीसरा मौका है जब प्रयागराज की बेटियों ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप फाइव में स्थान बनाया है। इससे पहले बाघम्बरी गद्दी अल्लापुर की रहने वाली स्मृति मिश्रा ने 2022 की परीक्षा में चौथा प्राप्त किया था। 25 साल की स्मृति ने दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की और वहीं से तैयारी की थी। स्मृति से पहले हाशिमपुर रोड की रहने वाली सौम्या पांडेय ने सिविल सेवा परीक्षा 2016 में चौथा स्थान हासिल किया था। महज 23 साल की उम्र में आईएएस बनने वाली सौम्या पांडेय की पूरी पढ़ाई प्रयागराज से हुई थी। 10वीं और 12वीं दोनों ही परीक्षा में सौम्या ने जिले में टॉप किया था।
उसके बाद मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) से 2015 में बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में टॉप कर गोल्ड मेडल हासिल किया था। स्मृति को तीसरे जबकि सौम्या को पहले प्रयास में सफलता मिली थी। वहीं 2009 के परिणाम में इवा सहाय को अखिल भारतीय स्तर पर तीसरी रैंक मिली थी। 2009 के परिणाम में तीसरा स्थान और लड़कियों में टॉप करने वाली इवा के पिता विजय शंकर सहाय उस वक्त इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एंथ्रोपोलॉजी विभाग के अध्यक्ष थे।
2023 की परीक्षा में कटघर मुठ्ठीगंज की रहने वाली वरदाह खान को 18वीं रैंक मिली थी। वरदाह खान ने 10वीं की पढ़ाई 2015 में 91 प्रतिशत सेंट मेरीज कॉन्वेंट स्कूल से पूरी करने के बाद 12वीं की परीक्षा केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट से 95 प्रतिशत अंकों के साथ 2017 में पास की थी। इसके बाद खालसा कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम ऑनर्स किया और संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी भी करती रहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।