Prayagraj Mayor Advocates for Ram Setu and International Spiritual University Post Kumbh Mela 2025 अब प्रयागराज को चाहिए राम सेतु, अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय , Prayagraj Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsPrayagraj Mayor Advocates for Ram Setu and International Spiritual University Post Kumbh Mela 2025

अब प्रयागराज को चाहिए राम सेतु, अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय

Prayagraj News - प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने महाकुम्भ 2025 के सफल आयोजन के बाद राम सेतु और अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय की आवश्यकता व्यक्त की। लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में उन्होंने...

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराजSat, 8 March 2025 08:58 PM
share Share
Follow Us on
अब प्रयागराज को चाहिए राम सेतु, अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय

दिव्य, भव्य महाकुम्भ का सफल आयोजन करने वाले प्रयागराज को अब राम सेतु और अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय की जरूरत है। महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित ‘महाकुम्भ 2025 एक्सपीरियंस शेयरिंग वर्कशॉप में यह मांग उठाई। महाकुम्भ 2025 के ऐतिहासिक और स्वच्छ आयोजन के अनुभवों को साझा करने के लिए नगरीय निकाय निदेशालय की ओर से विशाखा ऑडिटोरियम में कार्यशाला हुई। महापौर ने प्रयागराज में राम सेतु के ऐतिहासिक महत्व और अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। भगवान राम के वन गमन के दौरान यमुना पार करने का जिक्र करते हुए इसके दोनों किनारे धार्मिक स्थल, किला, शिवालय पार्क, परमार्थ निकेतन होने की बात कही। महाकुम्भ में आई 66 करोड़ से अधिक भीड़ का उल्लेख करते हुए प्रयागराज के आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व पर जानकारी दी। महापौर की मांग पर वर्कशॉप की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश के नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने राम सेतु और अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय निर्माण का आश्वासन दिया।

महाकुम्भ के सफल आयोजन पर चर्चा के दौरान नगर विकास मंत्री ने आयोजन का डॉक्यूमेंटेशन करने का सुझाव दिया ताकि अगले अर्द्धकुम्भ या कुम्भ के आयोजन की तैयारी करने में नए अधिकारियों को परेशानी न हो। नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि महाकुम्भ का आयोजन बहुत बड़ा है। इसकी तैयारी दो साल पहले शुरू हुई। भविष्य में तैयारी कम से कम चार साल पहले शुरू होनी चाहिए। इससे बड़ी परियोजनाओं का काम पूरा करने के लिए समय मिलेगा।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि महाकुम्भ के आयोजन स्वच्छता प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए जाना जाएगा। वर्कशॉप में महाकुम्भ में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। नगर प्रमुख नगर विकास अमृत अभिजात, सचिव अजय कुमार शुक्ला, जल निगम के निदेशक रामाकांत पांडेय, निकाय निदेशक अनुज कुमार झा, निदेशक सूडा डॉ. अनिल कुमार, जल निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह, कुम्भ मेला अधिकारी विजय किरन आनंद के अलावा नगर निगम व अन्य विभागों के अधिकारी वर्कशॉप में मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।