BJP s Dedication and Sacrifice Celebrated in Rampur Conference कार्यकर्ताओं के समर्पण और बलिदान से आगे बढ़ी है भाजपा: आकाश, Rampur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsRampur NewsBJP s Dedication and Sacrifice Celebrated in Rampur Conference

कार्यकर्ताओं के समर्पण और बलिदान से आगे बढ़ी है भाजपा: आकाश

Rampur News - रामपुर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक आकाश सक्सेना ने पार्टी के समर्पण और बलिदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए जाल बुना था, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं...

Newswrap हिन्दुस्तान, रामपुरWed, 9 April 2025 02:27 AM
share Share
Follow Us on
कार्यकर्ताओं के समर्पण और बलिदान से आगे बढ़ी है भाजपा: आकाश

रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं समर्पण और बलिदान से आगे बढ़ी है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग का ही परिणाम है, जो आज पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा के संकल्प को पूरा करने में जुटी है। मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित नगर विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना, पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी व जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि हमने भी वह दौर देखा है, जब साइकिल से हम वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ जाते थे और लेई के माध्यम से पोस्टर आदि चिपकाते थे। तब आज की तरह सुविधाएं नहीं होती थीं। लेकिन, तब का संघर्ष आज परिणाम के रूप में सामने है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक परिवार की पार्टी है। कांग्रेस ने अपनी कुटिल सोच और एक रणनीति के तहत ऐसा जाल बुना था, जिससे किसी दूसरे दल के सत्ता में आने की कोई उम्मीद ही नहीं थी। किंतु, भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के संकल्प, समर्पण और बलिदान से आज भाजपा न सिर्फ सत्ता में है, बल्कि करोड़ों देशवासियों की सेवा के संकल्प को भी पूरा कर रही है। उन्होंने संगठन का महत्व पर भी प्रकाश डाला और आगामी सभी चुनावों में जीत का भरोसा भी जताया। पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना ने कार्यकर्ताओं के साथ अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि नेहरू परिवार के अतिरिक्त कोई अन्य सत्ता में आए। इसके लिए तरह-तरह के कुचक्र रचे गए, लेकिन इसके बाद भी भाजपा अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं के बलबूते आज यहां तक पहुंची। उन्होंने संघर्ष के अपने दौर को भी याद किया। कहा कि आजादी के बाद से 70 सालों तक कांग्रेस का एक छत्र राज रहा, लेकिन लोगों तक योजनाओं का लाभ 2014 के बाद पहुंचना शुरू हुआ। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिस्टम की लीकेज को बंद करने का कार्य किया। जिसके बाद ही यह संभव हो सका। साथ ही उन्होंने सक्रिय कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आप लोग विशेष हैं। ऐसे में आप लोग अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए जनता के बीच भाजपा सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करें। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक कुंवर बहादुर राजपूत, सह संयोजक विकास दीक्षित, मोहन कुमार लोधी, अनुज सक्सेना, अशोक विश्नोई, शकुंतला लोधी, अन्नू सक्सेना, राजू सुमन, भाव्य उप्पल, कमल लोधी, प्रमोद आहूजा, अर्जुन रस्तोगी, पारूल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं ने तस्वीरों के जरिए समझा 45 साल का संघर्ष

रामपुर। भाजपा की ओर से राम विहार स्थित कार्यालय पर अपने 45 सालों के संघर्ष की एक प्रदर्शनी आयोजित की थी। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना, शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने फीता काटकर किया। इसके बाद सभी ने पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान को समझा। साथ ही देश की उपलब्धियों और भविष्य की आकांक्षाओं का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में हुई भारत की प्रगति को दर्शाते चित्र भी थे, जो कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक बने।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।