उत्तर प्रदेश पंचायत चुनावों में अकेले लड़ेगी कांग्रेस: अजय राय
Saharanpur News - सहारनपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने गंगा जमुनी संस्कृति की रक्षा का वचन दिया। राय ने सांसद इमरान मसूद को ईद की मुबारकबाद दी...

सहारनपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी। कहा पार्टी गंगा जमुनी संस्कृति की हिफाजत को वचनबद्ध है। अजय राय शनिवार को ईद उल अजहा की मुबारकबाद देने सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के घर पहुंचे थे। सहारनपुर पहुंचने से पूर्व नागल रोड स्थित लाखनौर हाईवे पुल पर जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा व महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सांसद इमरान मसूद के घर पहुंचकर उन्हें फूलों का गुलदस्ता और मिठाई भेंट कर ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने सभी को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि हमे सभी त्योहार मिलजुल कर मनाने चाहिए।
ताकि अपनी गंगा जमुनी तहजीब की रक्षा करते हुए देश को विकास के मार्ग पर ले जाने का काम करें। उन्होंने मोदी सरकार को सभी मोर्चों पर असफल बताते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई जैसी समस्याओं का सामना कर रही है और सरकार अपनी असफलता को छुपाने के लिए नागरिकों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस संगठन को कमजोर बताते हैं वो भूल जाते हैं कि कांग्रेस के यूपी में 6 सांसद है। अजय राय ने कहा कि यूपी में वह संगठन सृजन कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे है, ताकि संगठन को ब्लॉक, सेक्टर, पंचायत व बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत बनाया जा सके। वह महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के दिल्ली रोड स्थित घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2026 के पंचायत व जिला पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। कहा पंचायत चुनाव में पार्टी मजबूती के साथ अकेले उतरेगी ताकि 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सफलता का मार्ग प्रशस्त किया जा सके। सांसद इमरान मसूद ने देश की संस्कृति और संविधान को लोकतंत्र की जीवन रेखा बताते हुए कहा कि आज सत्ता में बैठे लोग देश को धर्म और जातियों के आधार पर बांट देना चाहते हैं, लेकिन उनके इस मंसूबे को असफल करके कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा को वचनबद्ध है। --- स्वागत करने वालों में यह मौजूद रहे जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ मेहरबान आलम, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, प्रवीण चौधरी व सत्यम सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली चौधरी, जावेद साबरी, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, पूर्व राज्य मंत्री शायन मसूद, हमजा मसूद, पूर्व रामपुर चेयरमैन प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक कांत सिंह, विक्की पूजना, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, पूर्व जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, सांसद प्रतिनिधि संदीप वर्मा, संदीप चौधरी, गुलबहार अब्बासी, उमेश त्यागी, अल्पसंख्यक विभाग के सोनू पठान, अमरदीप जैन, पीसीसी सदस्यगण नरेंद्र शर्मा, सचिन कांबोज, अक्षय चौधरी, चेतन लाल, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा, अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष मुनीश सहगल, सेवादल महानगर अध्यक्ष अनुज शर्मा, पूर्व सभासद सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू आदि रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।