किसान मजदूर संगठन का धरना व भूख हड़ताल खत्म
Saharanpur News - सहारनपुर में किसान मजदूर संगठन का धरना और भूख हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गया। संगठन ने घोटालों की जांच और दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन पर हड़ताल खत्म की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने जल जीवन...

सहारनपुर। किसान मजदूर संगठन का सहारनपुर जिला मुख्यालय पर चल रहा धरना व भूख हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई। संगठन के अनुसार, घोटालों की जांच और दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन पर भूख हड़ताल खत्म की गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह जल जीवन मिशन व विद्युत सुधार योजना में घोटाले के आरोप लगाते हुए, जांच की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनके मुजफ्फरनगर धरने के समर्थन में सहारनपुर जिला मुख्यालय पर धरना शुरू किया गया था। यहां जिला उपाध्यक्ष प्रिंस राणा भूख हड़ताल पर बैठे थे। इसी से राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खुद यहां पहुंचकर धरना समाप्ति का एलान किया।
संगठन के प्रदेश महासचिव विनय राणा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा आरडीएस योजना के अंतर्गत एलएंडटी कंपनी को जनपद में विद्युत सुधार कार्य दिया गया था, जिसमें नये खंबे बदलने में घोटाले हुआ है, जिसकी जांच होनी चाहिए। दूसरी महत्वपूर्ण जल जीवन मिशन योजना तथा चकबंदी में भी व्यापक भ्रष्टाचार है जिसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। अन्य मांगों में संगठन ने जनपद में आवारा गोवंश को संरक्षण देने अन्यथा किसान को 300 रुपये देकर आवारा गोवंश को सुरक्षित करने की मांग की। साथ ही चीनी मिलों से गन्ना मूल्य भुगतान कराने, पिछले सालों में बनी सड़कों की कमेटी द्वारा गुणवत्ता की जांच कराए जाने तथा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। कहा कि अधिकारियों द्वारा आठ दिन का आश्वासन दिया गया है अगर आठ दिन में कोई जांच आदि की प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है तो दोबारा से धरना प्रदर्शन किया जाएगा। चौ अजब सिंह, सागर राणा, आशु पंडित, कुलदीप राणा, अश्वनी पुंडीर, निखिल राणा, अशोक व रामकुमार आदि रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।