अमरोहा में बंद पड़े ईंट भट्टे में घुसा तेंदुआ, मची दहशत
Amroha News - शनिवार सुबह दाऊद सराय के एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में तेंदुआ घुस गया। ग्रामीणों ने तेंदुए की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। 15 घंटे की मशक्कत के बाद भी तेंदुआ नहीं पकड़ा जा सका है। वन विभाग ने भट्टा...

क्षेत्र के गांव दाऊद सराय में शनिवार सुबह बंद पड़े ईंट भट्ठे में तेंदुआ घुस गया। ग्रामीण मौके पर लाठी डंडे लेकर पहुंच गए। उन्होंने तेंदुए की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। 15 घंटे की मशक्कत और पिंजरा लगाये जाने के बाद भी तेंदुआ नहीं पकड़ा जा सका है। शहर की सीमा से सटे गांव दाऊद सराय में किसान महावीर सिंह का परिवार रहता है। जंगल में उनके खेत के पास एक ईंट भट्ठा है, जो करीब छह साल से बंद है। शनिवार सुबह करीब 6:15 बजे महावीर सिंह अपने खेत पर गए थे कि इसी दौरान उनकी नजर भट्टा परिसर में घूम रहे तेंदुए पर पड़ी।
जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत ही गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडों लेकर मौके पर पहुंच गए और ईंट भट्ठा परिसर को चारों तरफ से घेर लिया। मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पहले थाना पुलिस और बाद में वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक तेंदुए को तलाश किया गया लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। करीब 15 घंटे से ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर डटे हैं लेकिन तेंदुआ दिखाई नहीं दिया है। चिमनी की भट्टी में छिपे होने की आशंका नौगावां सादात। ईंट भट्ठा करीब छह साल से बंद पड़ा है। ऐसे में वहां ऊंची घास व झाड़ियां खड़ी हैं। वहीं, चिमनी और भट्टी भी जर्जर हालत में है। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ चिमनी की भट्टी में कहीं छिपा है। शोर होने के चलते वह बाहर नहीं निकल रहा है। वन अफसरों का कहना है कि तेंदुआ अगर अंदर है तो वो रात में ही बाहर निकलेगा। ऐसा भी हो सकता है कि भट्टी के तीन रास्ते हैं, तेंदुआ दूसरे रास्ते से निकलकर भाग जाए। वन विभाग ने भट्टा परिसर में पिंजरा लगाया नौगावां सादात। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने भट्टा परिसर में पिंजरा भी लगा दिया है। डीएफओ एसपी सिंह के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर डटी है। ग्रामीणों के बीच तेंदुए को लेकर बनी दहशत नौगावां सादात। तेंदुए को देखे जाने के बाद से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल बना है। महिलाओं और बच्चों के खेतों की ओर जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। वन अफसरों ने भी ग्रामीणों को सतर्कता बरतने का सुझाव दिया है। टाइमलाइन : 6:15 बजे देखा गया तेंदुआ 7:15 पर थाना पुलिस गांव पहुंची 7:35 पर वन विभाग की टीम पहुंची 12:00 बजे भट्टा परिसर में पिंजरा लगाया गया 2:00 बजे भट्टा परिसर में चिमनी के रास्ते जाल लगाकर किए गए बंद ग्रामीणों ने तेंदुआ देखे जाने की बात कही है लेकिन तेंदुआ वहां है या नहीं, यह अभी साफ नहीं हो सका है। पिंजरा लगा दिया गया है, सुरक्षा के लिहाज से वन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। रात में पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया है। एसपी सिंह, डीएफओ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।