कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला रौंदकर जताया आक्रोश
Sambhal News - जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ गुन्नौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के पुतले को पैरों तले रौंदा और 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे लगाए। युवा...

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। इसी कड़ी में गुन्नौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतंकियों के इस कायराना कृत्य के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्यकर्ताओं ने उसका पुतला नेहरू चौक पर पैरों तले रौंदा और पाकिस्तान मुर्दाबाद के गगनभेदी नारे लगाए। रैली युवा कांग्रेस संभल जिला अध्यक्ष काज़ी हम्माद मुबीन के नेतृत्व में निकाली गई। रैली युवा कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर गुन्नौर के नेहरू चौक तक पहुँची। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पाकिस्तान विरोधी तख्तियाँ और बैनर लिए हुए थे। चौक पर पहुँचने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से पाकिस्तान के पुतले को पैरों तले रौंदा। युवा कांग्रेस नेता काज़ी हम्माद मुबीन ने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला मानवता के खिलाफ एक जघन्य अपराध है। निर्दोष लोगों को मारने वाले आतंकियों और उनके सरपरस्त पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया जाए और इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। प्रदर्शन में जय सिंह, मुशीर खान, अर्शल, गोलू, बिलाल, रिंकू, तालिब समेत कई युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।