संदिग्ध परिस्थितियों में सदर तहसील के छत पर लगी आग से कागजात राख
Sonbhadra News - सोनभद्र में सदर तहसील के छत पर मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आग लग गई। आग पांच जगहों पर भड़की, जिसमें कई महत्वपूर्ण कागजात जल गए। दमकल टीम ने कड़ी मेहनत के बाद एक घंटे में आग पर काबू पाया। आग शार्ट सर्किट...

सोनभद्र, संवाददाता। सदर तहसील परिसर के छत पर मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे संदिग्ध हाल में आग लग गई। कुल पांच जगह पर आग जल रही थी। जिसमें कई महत्वपूर्ण कागजात जल रहे थे। तहसील परिसर के नीचे व ऊपर के गेट में ताला बंद था। दमकल टीम ने ताला काट कर ऊपर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। नगर के सिविल लाइन रोड पर स्थित सदर तहसील में मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे आसपास के लोगों ने छत पर धुआं उठा देखा तो अफरा तफरी मच गई। लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि आग लगी हुई है और कुछ कागजात जल रहे हैं। इस पर आसपास के लोगों ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी। फिर फायर ब्रिगेड को मामले से अवगत कराया। तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड ने पांच जगह पर लगी आग को बुझाने का क्रम करीब 7:45 बजे से शुरू किया जो पौने नौ बजे तक चलता रहा। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जो कागजात तहसील परिसर में आग लगने से जले हैं, वह किस तरह के हैं, इसकी जांच तहसील प्रशासन ने शुरू कर दी है। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी करण यादव का कहना है कि तहसील परिसर में आग लगने की जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचा। तहसील गेट का शटर बंद था। उसमें ताला लगा हुआ था। किसी तरह से ताला को कटर से कटकर ऊपर पहुंचे जहां पर आग लगी हुई थी। छत पर दो व्यक्ति टीम को देखकर नीचे कूद गए और फरार हो गए। इसके बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। वहां कागजात रहे थे। इस संबंध में तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी जिससे छत पर रखे कूड़ा जल रहे थे। जिसको बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।