संदिग्ध परिस्थितियों में घर में वृद्ध का मिला शव
Sonbhadra News - रेणुकूट के मुरलीगढ़ी में शुक्रवार को एक 75 वर्षीय व्यक्ति लालचंद यादव की लाश उसके घर में मिली। शव पर चोट के निशान थे, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी हत्या की गई है। मृतक ने 15 वर्ष पहले...

रेणुकूट, हिन्दुस्तान संवाद। पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र के मुरलीगढ़ी में शुक्रवार की दोपहर एक व्यक्ति की लाश घर में ही मिलने से सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पिपरी थाना क्षेत्र के मुरलीगढ़ी में शुक्रवार की दोपहर एक व्यक्ति का शव घर में ही मिला। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे जिससे लग रहा है कि मृत्यु के पूर्व व्यक्ति को बहुत बुरी तरह मारा पीटा गया है और उनकी हत्या की गई है। मृतक 75 वर्षीय लालचंद यादव पुत्र स्व नन्हकु यादव रेनूसागर स्थित हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से 15 वर्ष पूर्व रिटायर हुए थे। वह मूल रूप से भदोही जनपद के खम्हरिया के रहने वाले थे। 15 वर्ष पूर्व रिटायर होने के बाद वह रेनूसागर में ही मकान बना कर रहने लगे थे। 7 वर्ष पूर्व 2018 में उनकी पत्नी गुजर गई जिसके बाद उनका मन रेनूसागर स्थित घर से उचट गया और वह रिश्तेदारी में घूम घूम कर रहने लगे। बाद में उन्होंने लड़कों से पिपरी में रहने की इच्छा जताई तो लड़कों ने दूसरे जगह रहने को कहा इस पर लड़कों से उनके अनबन हो गई। उन्होंने लड़कों की बात अनसुनी करते हुए खम्हरिया में स्थित अपनी पैतृक संपत्ति को बेचकर लगभग 3 वर्ष पूर्व पिपरी में जगह खरीद ली और अकेले रहने लगे। इस बात से लड़कों से उनकी खटपट हो गई और वह अकेले ही यहां रहते थे। शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे जब दूध वाला दूध देने आया तो घर का गेट खुला हुआ था। वह घर में गया तो उनकी लाश बिस्तर पर पड़ी हुई थी। इसकी जानकारी दूध वाले ने पड़ोसियों को दी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना मृतक के पुत्र गुलाब यादव को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, तो पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह भी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य भी इकट्ठा किया। मृतक व्यक्ति के पुत्र गुलाब सिंह यादव ने तहरीर देकर पुलिस से मामले की सूचना दी। इस संबंध में पिपरी थाने के अपराध निरीक्षक श्रीराम यादव ने कहा कि मामले में तहरीर मिली है और जांच चल रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।