दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, घायल
Sonbhadra News - पिपरी थाना क्षेत्र में एक दुष्कर्म आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस की रायफल छीनकर भागने की कोशिश की, जिससे उसे गोली लगी। 11 वर्षीय दलित लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप...

रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह सिपाही की रायफल छीनकर भाग रहे दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने पर पुलिस ने उसे म्योरपुर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस दुष्कर्म के आरोपी को लेकर थाना क्षेत्र के खाड़पाथर कपड़ा बरामद करने के लिए ले जा रही थी। पिपरी थाना क्षेत्र निवासी एक युवक पड़ोस की एक 11 वर्षीय दलित लड़की को काफी दिनों से परेशान कर रहा था। बुधवार को दिन में कुछ लड़कों ने युवक को उक्त दलित लड़की को एक कमरे में ले जाते देखा तो इसकी जानकारी उन्होंने लड़की के घर वालों को दी। लड़की की मौसी मौके पर पहुंची और दरवाजा पीटना शुरू किया तो अंदर से लड़के ने दरवाजा खोलने से मना किया। बोला कि अभी हम लोग कुछ काम कर रहे हैं, दरवाजा नहीं खुलेगा। लड़की की मौसी ने जबरदस्ती जब दरवाजा खोला तो अंदर दोनों निर्वस्त्र थे। लड़की के परिजनों ने तत्काल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। इस बीच लड़की के परिजनों को मामला पुलिस में ना ले जाने के लिए धमकी भी दी गई और कहा गया कि मामला पुलिस में मत ले जाओ। मामले की जानकारी जब समाजसेवी विजय प्रताप सिंह को हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस चौकी पहुंचकर मामले से अवगत कराया। पुलिस ने पीड़िता की नानी की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह ने बताया कि आरोपी युवक थाना क्षेत्र के ही मंजर खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दलित लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार की सुबह आरोपी मंजर खान को पुलिस कपड़े की बरामदगी करने के लिए खाड़पाथर के जंगल में लेकर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी एक सिपाही की राइफल छीन कर जंगल में भागने का प्रयास किया और पुलिस पर हमलावर हो गया। पुलिस ने जब बचाव का प्रयास किया तो इसमें चली गोली आरोपी युवक के पैर में लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे फिर से पकड़ लिया और उसे म्योरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गयी। म्योरपुर में डाक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।