सुलतानपुर-विपक्षियों ने पुलिस से मिलकर दर्ज कराया फर्जी मुकदमा: शौर्य वर्धन
Sultanpur News - सुलतानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र के बहमरपुर गांव में 17 मई को हवन-पूजन के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ। भाजपा नेता रणविजय सिंह और भाजयुमो के जिला मंत्री शौर्य वर्धन सिंह पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया...

सुलतानपुर। कुड़वार थाना क्षेत्र के बहमरपुर गांव में बीते 17 मई को हवन-पूजन के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद बवाल हो गया था। इस मामले में कुड़वार पुलिस की ओर से भाजपा नेता रणविजय सिंह और भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री शौर्य वर्धन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार को भाजयुमो के जिला मंत्री ने इस संबंध में एक होटल में प्रेसवार्ता करके पुलिस पर आरोप लगाया। कहा कि विपक्षियों से मिलकर उपनिरीक्षक ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कहा कि घटना के दौरान वह लखनऊ में थे। इसके प्रमाण हैं उनके पास।
शौर्य वर्धन सिंह ने कहा कि दलित की भूमि पर हवन पूजन का कार्य किया जा रहा था। एक दबंग सपा नेता ने पुलिस से मिलकर उनके खिलाफ फर्जी केस दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से सर्विलांस के जरिए सच्चाई पता कराए जाने की मांग की है। भाजपा नेता रणविजय सिंह ने कहा कि वह दलितों के आमंत्रण पर उनके घर हवन व पूजन में शामिल हुए। पुलिस की मौजूदगी में यह कार्य चला। ऐसा कार्य करना दूसरे समुदाय के विपक्षी को अखर गया। उसने इसे सम्प्रदाय विशेष से जोड़ते हुए पुलिस को गुमराह कर उनके नाम मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि विपक्षियों की नजर दलित की भूमि को कब्जा करने की है। प्रेसवार्ता में मूर्तिकार दलित मोहनलाल ने भी अपनी भूमि को दूसरे सम्प्रदाय के लोगों से मुक्त कराए जाने व जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।