गोवंश अवशेष मिलने पर गोवर्धन में तनाव, 74 पर मुकदमा; घर बंद करके भागे मुस्लिम समाज के लोग
मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने से तनाव फैल गया है। पुलिस ने इस मामले में गोरक्षक दल के सदस्य की तहरीर पर 24 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने से तनाव फैल गया है। मुस्लिम समाज के लोग अपने घर बंद करके भाग गए हैं। पुलिस ने इस मामले में गोरक्षक दल के सदस्य की तहरीर पर 24 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य की पहचान कर धरपकड़ को पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। रविवार को मुस्लिमों ने अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले। बताते चलें कि बकरीद की शाम बरसाना रोड पर ईदगाह के समीप गोवंश के अवशेष मिलने की जानकारी होते ही गोरक्षक दल के सदस्य और स्थानीय हिन्दू संगठनों के लोगों ने मौके पर पहुंच गो-कटान का आरोप लगा हंगामा किया।
उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच तीखी नौंकझौंक हुई। मामला गोवंश के अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति का होने पर प्रभारी निरीक्षक गोवर्धन रवि त्यागी ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी और मौके पर पहुंच लोगों को शांत करने में जुट गये, लेकिन हंगामा करने वाले मानने को तैयार न हुए। सूचना पर एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत, सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह के अलावा आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस व पीएसी बल शांति व्यवस्था को मौके पर पहुंच गयी। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर शांत किया। पुलिस ने अवशेषों को जांच के लिये भिजवाया।
गोरक्षक दल के सदस्य धीरज कौशिक की तहरीर पर पुलिस ने 24 नामजद, 50 अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी। गोरक्षक दल के सदस्य धीरज कौशिक, श्रयेश कटारा आदि सदस्यों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की। देर रात एसएसपी श्लोक कुमार ने मौका मुआयना कर लोगों को आश्वास्त किया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, वहीं इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कई टीमें जांच में लगी हैं। 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच कर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
इनके खिलाफ कराई रिपोर्ट
थाना प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी ने बताया कि गोरक्षक दल के सदस्य धीरज कौशिक की तहरीर पर साकिर उर्फ वीआईपी, समीर, सोहिल, अनवर वकील, इंतजार, अंसार, पिंटू, आसीन, ओशो, स्टार, फाजल, शाहरूख, हन्नी कुरैशी, आरिफ, धौसी, बाबू, घोसी, सनी, उस्मान, फिरोज, रशीद, चांद, फारूख, सोहेल व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखाया है। धीरज कौशिक ने आरोप लगाया कि ईदगाह के सामने कसाई पाड़े में गाय को काट कर बेचे अवशेषों को जिम के पीछे एटी फिटनेस के पीछे खाली जगह पर पड़े मिले। ये लोग पिछले काफी समय से इस तरह की घटनाएं करते आये हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने 11 नामजद किये गिरफ्तार
प्रभारी निरीक्षक गोवर्धन ने बताया कि ईदगाह के निकट गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। एसएसपी श्लोक कुमार द्वारा आरोपियों की धरपकड़ को कई टीमें लगाई थीं। पुलिस टीमों ने रात भर संभावित स्थलों पर ताबड़तोड़ दबिश देते हुए काफी लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने रविवार को 11 नामजदों को गिरफ्तार चालान किया है।
गोसेवा आयोग के सदस्य पहुंचे गोवर्धन
बकरीद के त्यौहार पर गोवर्धन क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर रविवार को गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय गोवर्धन पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है। इस मामले की निगरानी शासन स्तर से की जा रही है। गोसेवा आयोग के सदस्य का मौके पर पहुंचना इस बात का संकेत है कि मामला अब स्थानीय स्तर से आगे बढ़ गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है। मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि वे निर्दोष हैं। उनका आरोप है कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। उनकी मांग है कि पुलिस निष्पक्ष जांच करे और सिर्फ वास्तविक दोषियों को पकड़े। घटना के बाद गोवर्धन में तनाव बढ़ गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क है।
घरों पर ताला लगा फरार हुए आरोपी
गोवर्धन। गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरु कर दी है, वहीं इसकी जानकारी होने पर मुस्लिम समाज के दो दर्जन से अधिक लोग अपने घर व प्रतिष्ठान के ताला लगाकर भाग गये हैं। पुलिस गोवंश के अवशेष की घटना को गम्भीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक जगहों पर छापामारी कर दर्जन भर लोगों को हिरासत में ले पूछताछ की। घटना के बाद से मुस्लिम समाज के लोगों में डर का माहौल है। मुस्लिम महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। उन्हें विश्वास है कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। समाज के कई लोगों की गिरफ्तारी से उनमें भय का माहौल है, लेकिन पुलिस निष्पक्ष जांच करने का भरोसा भी जता रही है।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया, गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शेष की तलाश में पुलिस की आठ टीमें लगाई गयी हैं। गोवर्धन में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात है। किसी भी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, जबकि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।