चोर कहकर चिढ़ाने पर की नाबालिग की हत्या, बदनामी बचाने को बेरहमी से उतारा मौत के घाट
यूपी के आगरा में दरोगा वाली गली, पृथ्वीनाथ फाटक (शाहगंज) निवासी 15 वर्षीय हर्षित की हत्या चोर-चोर कहकर चिढ़ाने पर हुई थी। पुलिस को सीसीटीवी से खुलासे में मदद मिली। बुधवार की रात हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया।

यूपी के आगरा में दरोगा वाली गली, पृथ्वीनाथ फाटक (शाहगंज) निवासी 15 वर्षीय हर्षित की हत्या चोर-चोर कहकर चिढ़ाने पर हुई थी। पुलिस को सीसीटीवी से खुलासे में मदद मिली। बुधवार की रात हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया। उसके पैर में गोली लगी। सीसीटीवी नहीं होते तो खुलासा आसान नहीं था। पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं था। तीन मई की सुबह एयरफोर्स की बाउंड्री वाले रास्ते पर गांव सुचेता के निकट किरन कालोनी में एक किशोर का शव मिला था। ईंट से चेहरा और सिर कुचलकर बेरहमी से उसकी हत्या की गई थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शव की पहचान के लिए पुलिस ने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए। छानबीन में पुलिस को पता चला कि शाहगंज इलाके से ही 15 साल का हर्षित लापता है। पुलिस ने उसके परिजनों को शव के फोटो दिखाए। उन्हें पोस्टमार्टम हाउस भेजा। कपड़ों से शव की पहचान हर्षित के रूप में हुई। हत्या किसने और क्यों की है। यह बड़ा सवाल था। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि इंस्पेक्टर शाहगंज बिरेश पाल गिरी और एसओजी टीम ने छानबीन शुरू की।
सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। एक कैमरे में हर्षित का चेहरा आ गया था। स्कूटी पर बैठकर जा रहा था। पुलिस ने स्कूटी के बारे में छानबीन की। एक फुटेज में स्कूटी का नंबर मिल गया। स्कूटी वसीम की निकली। उसने पुलिस को बताया कि स्कूटी उसके भाई अमर विहार दौरेठा निवासी सोहेल के पास रहती है। सोहेल अंडे की ठेल लगाता है। चोरी में पहले जेल जा चुका है। गांजा पीता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
... नहीं तो बदनाम कर देगा
सोहेल ने पुलिस को बताया कि हर्षित की उम्र कम थी मगर बेहद शातिर था। उसे चोर-चोर कहकर चिढ़ाता था। कहता था कि गांजा पिला नहीं तो बदनाम कर देगा। उसकी हरकतों से वह परेशान हो गया था। उसकी दुकानदारी खराब हो रही थी। गांजा पिलाने के बहाने वह उसे अपने साथ ले गया था। ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने खून से सने पकड़े, तमंचा, कारतूस, ईंट बरामद की है