PM Modi Critiques Congress Highlights UP s Development and Women s Empowerment सत्ता हथियाने को दिन-रात चल रहा खेल: मोदी , Varanasi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsVaranasi NewsPM Modi Critiques Congress Highlights UP s Development and Women s Empowerment

सत्ता हथियाने को दिन-रात चल रहा खेल: मोदी

Varanasi News - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग सत्ता पाने का खेल खेल रहे हैं। उन्होंने यूपी की बदलती तस्वीर और महिला सशक्तीकरण की चर्चा की। मोदी ने कहा कि बनारस अब...

Newswrap हिन्दुस्तान, वाराणसीSat, 12 April 2025 05:13 AM
share Share
Follow Us on
सत्ता हथियाने को दिन-रात चल रहा खेल: मोदी

वाराणसी, विशेष संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां बिना नाम लिये कांग्रेस पर तीखा कटाक्ष किया। बोले, कुछ लोग सत्ता पाने, सत्ता हथियाने का दिनरात खेल खेल रहे हैं। उनका सिद्धांत है-अपना परिवार, अपना विकास जबकि हम जिस सोच को आगे बढ़ा रहे हैं, वह मंत्र ‘सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास को समर्पित है।

शुक्रवार सुबह अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे प्रधानमंत्री ने मेहंदीगंज में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने यूपी की बदलती तस्वीर की चर्चा करते हुए कहा कि यह सिर्फ संभावनाओं का प्रदेश नहीं रहा। अब यह सामर्थ्य और संकल्पों की सिद्धि भूमि बन चुका है। मोदी ने जयंती पर महात्मा ज्योतिबा फुले को नमन और उनके साथ सावित्रीबाई फुले का स्मरण करते हुए कहा कि हम उनके विचारों, संकल्पों और नारी सशक्तीकरण के आंदोलन को बढ़ा रहे हैं। भारत विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। बनारस उस विकास का मॉडल बन चुका है।

यूपी ने नक्शा भी बदला और नजरिया भी

यूपी की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में यूपी ने अपना आर्थिक नक्शा भी बदला और नजरिया भी बदला है। आजकल ‘मेड इन इंडिया की गूंज हर तरफ है। भारत में बनी चीजें ग्लोबल ब्रांड बन रही हैं। यूपी जीआई टैगिंग में देश का पहला राज्य बन चुका है। मोदी बोले, जीआई टैग जहां पहुंचता है, वहां के बाजारों में बुलंदियों का रास्ता भी खुलता है। हमारे हुनर, कला की तेजी से अंतरराष्ट्रीय पहचान बन रही है। 30 से अधिक उत्पादों को टैग मिल चुका है।

इतिहास रच सकती हैं महिलाएं

विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पिछले 10 वर्षों में हुए महिला विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, बनारस-पूर्वांचल समेत पूरे देश की महिलाओं ने साबित कर दिया है कि उन पर भरोसा किया जाए तो वे इतिहास रच सकती हैं। अनेक बहनें अब लखपति दीदी बन गई हैं। यह तरक्की बनारस यूपी के साथ पूरे देश में दिख रही है।

डेयरी सेक्टर को मिशन मोड में बढ़ा रहे

बनास डेयरी की योजनाओं और उनसे लाभान्वित होने वाले परिवारों की भी मोदी ने चर्चा की। बोले, हम पूरे देश में डेयरी सेक्टर को मिशन मोड में बढ़ रहे हैं। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। 10 साल में देश के दूध के उत्पादन में करीब 65 प्रतिशत वृद्धि हुई है। यह सफलता करोड़ों किसानों, पशुपालकों, महिलाओं की मेहनत का नतीजा है। उस क्रम में पिछले कुछ वर्षों में पूर्वांचल के भी हजारों किसान एवं पशुपालक परिवारों की तकदीर बदली है। उनकी मेहनत को इनाम और सपनों को उड़ान मिली है। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत गायों की देसी नस्ल के विकास, उनकी अच्छी क्वालिटी, वैज्ञानिक तरीके से ब्रीडिंग के साथ उन्हें खुरपका-मुंहपका जैसे घातक रोगों से बचाने के लिए मुफ्त वैक्सीन प्रोग्राम चलाया जा रहा है। पशु भी सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के दायरे में आ गए हैं।

‘नम: पार्वती पतये हर-हर महादेव

प्रधानमंत्री ने जनसभा में हमेशा की तरह ‘नम: पार्वती पतये हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों का अभिवादन किया। लगभग 30 मिनट के संबोधन के दौरान बीच-बीच में वह बनारसी पुट देते रहे। प्रधानमंत्री ने संसदीय क्षेत्र के लोगों को 12 अप्रैल को मनाई जाने वाली हनुमत जयंती की अग्रिम बधाई दी। बोले, कल हनुमान जन्मोत्सव का पावन दिन है और आज संकटमोचन महाराज की काशी में आपके दर्शन का सौभाग्य मिला है। जन्मोत्सव के पहले काशी की जनता यहां विकास का उत्सव मनाने जुटी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।