कोसी बैराज से गाद की सफाई नहीं होने से भड़के विधायक
नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए जिम्मेदार कोसी की सफाई नहीं होने पर विधायक मनोज तिवारी ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर स्थिति ऐसी रही तो गर्मियों में पानी की कमी होगी।...

नगर सहित आसपास के हिस्सों में पेयजल आपूर्ति करने वाली कोसी की अब तक सफाई नहीं हो पाई है। इसपर विधायक मनोज तिवारी ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कहना है कि यही हाल रहा तो गर्मियों में नगरवासियों को पानी के लिए जूझना पड़ेगा। उन्होंने सात मार्च को कोसी में धरने पर बैठने का ऐलान किया है। विधायक मनोज तिवारी का कहना है कि उनकी ओर से लगातार सिंचाई विभाग, जल संस्थान और जिला प्रशासन से अनुरोध किया था कि समय रहते कोसी बैराज से गाद की सफाई कर ली जाए। दिसंबर तक कोसी बैराज की सफाई करनी जरूरी है। फरवरी का पहला हफ्ता बीतने को है। अब तक कोसी से गाद की सफाई नहीं हो पाई है। यही हाल रहा तो पानी का स्तर कम हो जाएगा। इसका असर नगर की पेयजल व्यवस्था पर पड़ेगा। गर्मियों में लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ेगा। कहना है कि विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण कोसी में बड़ी मात्रा में गाद जमा हो गई है। जो नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए उचित नहीं है। उन्होंने अनदेखी पर आक्रोश व्यक्त करते हुए सात मार्च को कोसी में धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं से धरने में शामिल होने की अपील की है।
कांग्रेस सरकार ने किया था बैराज का निर्माण
विधायक का कहना है कि कांग्रेस शासन काल में इस उद्देश्य से बैराज का निर्माण किया गया था कि लोगों को पानी का संकट न झेलना पड़े। आज पूरा नगर और आसपास की जनता कोसी पर निर्भर है। इसके बाद भी सरकार और प्रशासन लोगों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कोसी बैराज में भरी हुई गाद बैराज की जल संरक्षण क्षमता को कम कर रही है। इसका असर पेयजल आपूर्ति में दिखाई देने लगा है।
मेरी ओर से संबंधित विभागों और प्रशासन को दिसम्बर में ही गाद हटा लेने का निवेदन किया गया था। इसके बाद भी अब तक गाद नहीं हटाई गई है। इसका असर नगर की पेयजल आपूर्ति में पड़ना तय है।
-मनोज तिवारी, विधायक अल्मोड़ा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।