भाजपा ने एक देश एक चुनाव को दिया पूरा समर्थन
जेपीसी के समक्ष भाजपा नेताओं ने रखा अपना पक्ष, देहरादून, मुख्य संवाददाता।

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने एक देश एक चुनाव व्यवस्था को जरूरी बताते हुए इसे समर्थन दिया। पार्टी नेताओं के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को जेपीसी के समक्ष अपनी राय रखी और कहा कि इस व्यवस्था को जनहित में जल्द लागू किया जाना चाहिए। मसूरी रोड स्थित एक होटल में भाजपा नेता व विधायक सहदेव पुंडीर, दायित्वधारी डॉ देवेंद्र भसीन, रमेश गड़िया, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान ने संसदीय समिति के सामने लिखित व मौखिक रूप से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखण्ड इस विचार तथा इस दिशा में अपनाई जा रही प्रकिया का पूरा समर्थन करती है। भाजपा नेताओं ने विकसित भारत के लिए इसे जरूरी बताते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है।
परिस्थितिजन्य कारणों से केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय स्तर पर अलग-अलग समय पर चुनाव कराए जाते हैं। इस व्यवस्था के कारण राजनीतिक अस्थिरता, विकास कार्यों में बाधा और भारी व्यय होता है। ऐसे में एक देश, एक चुनाव का विचार इन समस्याओं का समाधान भी है और देश को नया आयाम देने वाला भी है। यह व्यवस्था प्रशासनिक सुधार, लोकतंत्र की मजबूती और संसाधनों की बचत की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। भाजप नेताओं ने कहा कि देश में स्वतंत्रता के बाद 1952, 1957, 1962 और 1967 में लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराए गए थे। लेकिन बाद में यह क्रम टूट गया और आज हर साल देश के किसी न किसी हिस्से में चुनाव होते ही रहते हैं। पार्टी नेताओं ने कहा कि आज समय आ गया है कि देश में एक देश एक चुनाव की व्यवस्था को लागू किया जाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।