लेखाकारों की वेतन विसंगति दूर होने पर पूर्व वित्त मंत्री को नवाजा
कोषागार कर्मचारी यूनियन ने वेतन विसंगति दूर करने पर खुशी जताई और पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद थपलियाल ने कहा कि पूर्व मंत्री के प्रयासों...

प्रदेश में कार्यरत कोषागारों के लेखाकारों की वेतन विसंगति दूर करने पर कोषागार कर्मचारी यूनियन ने खुशी जताई है। इसके लिए उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को सम्मानित किया। रविवार को हिमालय होटल में कोषागार कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड ने कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों द्वारा पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को सम्मानित किया गया। कोषागार कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद थपलियाल ने कहा कि पूर्व मंत्री के प्रयासों से ही कोषागारों के लेखाकारों की वेतन विसंगति दूर हो पाई हैं। पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि वह जब से राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में आए हैं, तब से आम जनमानस की समस्याओं का समाधान करने का लगातार प्रयास करते रहते हैं।
अपने संपूर्ण राजनीतिक जीवन में जाति, धर्म के भेदभाव को भुलाकर उन्होंने सबके लिए समान रूप से कार्य किया है। जनता की समस्याओं के निदान के लिए वह 24 घंटे तत्पर रहते हैं। कोषागार कार्मिकों की समस्या का पता चलने पर उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा, उनको उचित न्याय मिलेगा। इस संबंध में उनके द्वारा मुख्य सचिव तथा वित्त सचिव से वार्ता करने के पश्चात उक्त प्रकरण का उचित समाधान करने के लिए कहा गया था। उनके प्रयासों के कारण ही आज 175 कोषागार कार्मिकों को वेतन विसंगति दूर करते हुए उच्चतर ग्रेड वेतन अनुमन्य हुआ है। मौके पर कोषागार कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री रितेश मेहरा, देहरादून जिलाध्यक्ष संदीप जोशी, महामंत्री पंकज हटवाल, रवि थपलियाल, हिमांशु जैन, प्रदेश संप्रेक्षक हरीश सिंह, संजय नौटियाल, प्रशांत शर्मा, राहुल कुमार, भरत सिंह कल्याण सिंह, मोहम्मद शमीम, अनवर अली, रघुनंदन मिश्रा, दीपक पांडे, अमित कुमार, श्रेया, मनोज ध्यानी आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।