घर में सोता मिला पत्नी का प्रेमी! हल्द्वानी में गुस्साए पति ने सिर कूंचकर मार डाला
उत्तराखंड के हल्द्वानी में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में एक युवक को मार डाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक शख्स अपनी पत्नी से किसी दूसरे शख्स के रिश्ते को बर्दाश्त नहीं कर पाया। तैश में आकर पति ने पत्नी के प्रेमी को मार डाला। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला हल्द्वानी के वनभूलपुरा थाना क्षेत्र का है। यहां के गौजाजाली में अवैध संबंधों के शक में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय तरुण रावत पुत्र राधेश्याम रावत राजेंद्रनगर, राजपुरा में परिवार के साथ रहता था। वह कैंटीन चलाता था। शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे तरुण गौजाजाली निवासी ई-रिक्शा चालक अनिल के घर गया था। यहां शराब पीने के दौरान अनिल और तरुण का विवाद हो गया। इसके बाद भी तरुण, अनिल के घर में ही सो गया। रात करीब 1:30 बजे अनिल ने तरुण के सिर पर पत्थर से कई वार कर दिए। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तरुण को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में अनिल ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी से तरुण के अवैध संबंध थे। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बावजूद तरुण आरोपी के घर में ही सो गया। विवाद और पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में गुस्साए अनिल ने सोते समय तरुण के सिर पर कई बार हमला किया और उसका सिर कुचल डाला। इससे तरुण की मौत हो गई। तरुण के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अनिल और उसकी पत्नी गीता साहू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।