IMD weather Updates Rain and heatwave forecast Mausam Samachar Weather: दिल्ली में बारिश का अलर्ट, बिहार में झमाझम बरस रहे बादल; इन राज्यों में लू की चेतावनी, Weather Hindi News - Hindustan
Hindi Newsमौसम न्यूज़IMD weather Updates Rain and heatwave forecast Mausam Samachar

Weather: दिल्ली में बारिश का अलर्ट, बिहार में झमाझम बरस रहे बादल; इन राज्यों में लू की चेतावनी

  • IMD पहले ही इस अप्रैल को अत्यंत गर्म महीना घोषित कर चुका है। अनुमान है कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में अप्रैल में 5-6 दिन लू के रहेंगे।

Himanshu Jha लाइव हिन्दुस्तानThu, 10 April 2025 07:30 AM
share Share
Follow Us on
Weather: दिल्ली में बारिश का अलर्ट, बिहार में झमाझम बरस रहे बादल; इन राज्यों में लू की चेतावनी

Weather Updates: देश के कई हिस्सों में प्रचंड गर्मी और लू का कहर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 14 और 15 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में नई लू की लहर (Heatwave) शुरू हो सकती है। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में बीते तीन दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। यहां गुरुवार और शुक्रवार को बारिश के साथ कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है। बुधवार को दिल्ली के चार प्रमुख वेदर स्टेशनों ने लू की स्थिति दर्ज की थी।

दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग ने अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है।

रात का न्यूनतम तापमान भी 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा था। इससे अप्रैल की शुरुआत में ही रातें भी गर्म हो गई हैं।

पश्चिमी विक्षोभ से कुछ राहत, लेकिन फिर से बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग ने कहा कि 10 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत में लू की स्थिति में थोड़ी राहत मिलेगी, जिसका कारण पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है। इसी तरह गुजरात और मध्य प्रदेश में 11 अप्रैल से तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है। हालांकि IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने चेताया है कि 14 और 15 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में फिर से लू का प्रकोप लौट सकता है।

देशभर में कई स्थानों पर पारा 43 डिग्री के पार

बुधवार को देशभर में 26 से अधिक मौसम केंद्रों ने अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया। गुजरात के कांडला में सबसे ज्यादा 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जो इस मौसम में अब तक का सबसे ऊंचा तापमान है।

गर्म अप्रैल की चेतावनी पहले ही दी जा चुकी है

IMD पहले ही इस अप्रैल को अत्यंत गर्म महीना घोषित कर चुका है। अनुमान है कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में अप्रैल में 5-6 दिन लू के रहेंगे। दिल्ली और उत्तर-पश्चिम भारत में 2-3 दिन लू के रह सकते हैं। पूर्वी भारत में अप्रैल से जून के बीच 10-12 दिन लू की स्थिति रह सकती है। गौरतलब है कि इस साल की पहली आधिकारिक लू 5 अप्रैल को दर्ज की गई थी, जबकि फरवरी के अंत (27-28 फरवरी) में भी असामान्य गर्मी के संकेत मिल चुके थे।