up weather updates delhi haryana rajasthan mausam ki jaankari kal ka mausam 26 march weather news सावधान! आफत बनेगी आंधी-पानी, इन राज्यों के लिए IMD का अलर्ट; कैसा रहेगा यूपी का मौसम, Weather Hindi News - Hindustan
Hindi Newsमौसम न्यूज़up weather updates delhi haryana rajasthan mausam ki jaankari kal ka mausam 26 march weather news

सावधान! आफत बनेगी आंधी-पानी, इन राज्यों के लिए IMD का अलर्ट; कैसा रहेगा यूपी का मौसम

  • मौसम की ताजा जानकारी के मुताबिक, 24 और 25 मार्च को प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तानTue, 25 March 2025 03:49 PM
share Share
Follow Us on
सावधान! आफत बनेगी आंधी-पानी, इन राज्यों के लिए IMD का अलर्ट; कैसा रहेगा यूपी का मौसम

Weather Updates: भारत के कई हिस्सों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। कहीं बारिश तो कहीं गर्मी अपनी तपिश बढ़ा रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 24 और 25 मार्च को प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में पारा बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं।

इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 24 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कर्नाटक में 24 और 25 मार्च को बारिश के आसार हैं, जबकि केरल और माहे में 24 से 27 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। तेलंगाना, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की खबरें आई हैं। वहीं, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में आंधी की स्थिति बनी हुई है।

हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 27 मार्च तक बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 24-27 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 25-27 मार्च और उत्तराखंड में 26-27 मार्च के दौरान बारिश का अनुमान है। 26 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

तापमान में बदलाव के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद इसमें 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। उत्तर प्रदेश में तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है, जबकि मध्य भारत और आंतरिक महाराष्ट्र में 2-4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। गुजरात में अगले 24 घंटों में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

दिल्ली में गर्मी बढ़ने के आसार

दिल्ली-एनसीआर में 24 से 27 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान बढ़ेगा। 24 मार्च को अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि 27 मार्च को यह 36-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 26 मार्च को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है।

हीटवेव की भी चेतावनी

मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में गर्मी और उमस भरे मौसम की चेतावनी दी है। 24 और 25 मार्च को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में, जबकि 27 और 28 मार्च को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में गर्मी और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।