महिंद्रा की इस इलेक्ट्रिक SUV पर गिर-गिर पड़ रहे लोग, बिक्री दोगुनी तक बढ़ी; 1 महीने में 119% की ग्रोथ
महिंद्रा BE 6 की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। कंपनी की इस EV ने मार्केट में अपनी पकड़ जमा ली है। इसकी बिक्री सिर्फ एक महीने में दोगुनी हो गई है। आइए इसकी पूरी रिपोर्ट जानते हैं।

महिंद्रा की इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर कंपनी द्वारा की गई मेहनत अब रंग ला रही है। खासकर BE 6 इलेक्ट्रिक SUV ने मई 2025 में चौंकाने वाला प्रदर्शन किया है। अप्रैल में जहां इस मॉडल की सिर्फ 550 यूनिट्स बिकी थीं, वहीं मई में यह संख्या 1,206 यूनिट्स तक पहुंच गई। यानी एक महीने में 119% की ग्रोथ हुई। यह सिर्फ एक गाड़ी की कहानी नहीं है, बल्कि महिंद्रा के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो की कामयाबी का सबूत है। आइए इस सफलता के पीछे की पूरी कहानी आसान और दिलचस्प अंदाज में जानते हैं।
महिंद्रा का EV जुआ अब बन गया हिट चाल
महिंद्रा ने जब BE सीरीज लॉन्च की थी, तो कई लोगों ने इसे एक 'जोखिमभरा कदम' माना। लेकिन, अब कंपनी की रणनीति सफल होती नजर आ रही है। BE 6 और XEV 9e दोनों ने मई 2025 में रिकॉर्ड तोड़ प्रोडक्शन और डिलीवरी दर्ज की है। चाकन प्लांट से मई में कुल 3,692 यूनिट्स बनीं और डीलर्स को 4,021 यूनिट्स भेजी गईं। इसके बाद सिर्फ 5 महीनों में BE 6 और XEV 9e की कुल बिक्री 15,000 यूनिट्स पार कर गई है।
BE 6 की वापसी की कहानी: अप्रैल से मई तक का सफर
जब मार्च में BE 6 लॉन्च हुई, तब बिक्री 934 यूनिट्स रही। लेकिन, अप्रैल में अचानक गिरकर 550 यूनिट्स रह गई। इससे कई लोग सोचने लगे कि क्या ग्राहक इस नई गाड़ी को अपनाएंगे? मगर मई में जब BE 6 की बिक्री दोगुनी होकर 1,206 यूनिट्स तक पहुंची, तो यह साफ हो गया कि शुरुआती गिरावट उत्पादन में अड़चनों और फेज वाइज लॉन्च की वजह से थी।
XEV 9e का भी शानदार प्रदर्शन
BE 6 के साथ-साथ XEV 9e की भी बिक्री में उछाल देखा गया। अप्रैल 2025 में 2,441 यूनिट्स की सेल हुई। वहीं, मई 2025 में 2,815 यूनिट्स की सेल हुई। BE 6 और XEV 9e की कुल डिलीवरी दो महीनों में 10,000 यूनिट्स पार कर गई है। डीलरशिप नेटवर्क में भी इन गाड़ियों को लेकर भरोसा बढ़ा है।
BE 6: स्टाइल + परफॉर्मेंस का पावर पैक कॉम्बो
BE 6 एक कूपे-स्टाइल इलेक्ट्रिक SUV है, जो स्टाइलिश डिजाइन और दमदार परफॉर्मेंस का मेल है। इसमें 79kWh का बैटरी पैक मिलता है। इसमें 450–500 किमी. की रियल-वर्ल्ड रेंज मिलती है। ये ईवी मात्र 6.7 सेकेंड में 100 km/h की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है।
हाई-टेक इंटीरियर और एडवांस फीचर्स
इसका डिजाइन भी बाजार की भीड़ से हटकर है और यह महिंद्रा (Mahindra) की एक प्रीमियम EV छवि को मजबूत करता है। BE सीरीज की शुरुआत प्रीमियम वैरिएंट्स से की गई थी, ताकि ब्रांड की एक मजबूत इमेज बन सके। स्टेप-बाय-स्टेप डिलीवरी के जरिए सप्लाई चेन को स्टेबल रखा गया। इसके बाद प्रोडक्ट क्वॉलिटी पर भरोसा बनाकर ग्राहकों का विश्वास जीता गया।
EV मार्केट में महिंद्रा की हिस्सेदारी
2025 के पहले 5 महीनों में EV पैसेंजर व्हीकल मार्केट में 15% हिस्सेदारी। टाटा जैसी दिग्गज कंपनियों को टक्कर देने की स्थिति में। BE 6 और XEV 9e के जरिए महिंद्रा (Mahindra) ने EV मार्केट में खुद को एक गंभीर खिलाड़ी के तौर पर स्थापित कर दिया है।
BE 6 की बिक्री में जबरदस्त उछाल ने साबित कर दिया है कि महिंद्रा (Mahindra) का EV प्लान सिर्फ एक एक्सपेरिमेंट नहीं था। यह एक सोच-समझकर उठाया गया कदम था, जो अब पूरी तरह सफल होता दिख रहा है। आने वाले महीनों में जब ज्यादा वैरिएंट्स और स्टेबल प्रोडक्शन देखने को मिलेगा, तब महिंद्रा (Mahindra) भारतीय EV बाजार में और भी मज़बूत पकड़ बना सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।