Tragic Dog Attack in Ara 6-Year-Old Killed 3-Year-Old Seriously Injured आरा : दो मासूम भाइयों को आवारा कुत्तों ने नोच खाया, एक की मौत , Ara Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsAra NewsTragic Dog Attack in Ara 6-Year-Old Killed 3-Year-Old Seriously Injured

आरा : दो मासूम भाइयों को आवारा कुत्तों ने नोच खाया, एक की मौत

-आरा शहर से सटे जीरो माइल आदित्य नगर मोहल्ले में बुधवार की दोपहर हुई घटना, आरा सदर अस्पताल में कुत्तों के हमले में घायल बच्चे का इलाज करते डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी

Newswrap हिन्दुस्तान, आराWed, 21 May 2025 09:06 PM
share Share
Follow Us on
आरा : दो मासूम भाइयों को आवारा कुत्तों ने नोच खाया, एक की मौत

-आरा शहर से सटे जीरो माइल आदित्य नगर मोहल्ले में बुधवार की दोपहर हुई घटना -गर्मी की छुट्टी में ननिहाल आये थे दोनों बच्चे, खेलने के दौरान आवारा कुत्तों ने किया हमला -छोटे भाई की भी हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने रेफर कर दिया है पटना -अयांश कुमार, मृत बच्चे की फाइल फोटो आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता आरा में आवारा कुत्तों ने घर के समीप खेल रहे एक मासूम बच्चे को नोच-नोचकर मार डाला। उसके छोटे भाई को भी काट कर लहूलुहान कर दिया। उसकी भी हालत गंभीर बनी है। आरा में इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया है।

घटना से सटे जीरो माइल स्थित आदित्य नगर मोहल्ले की बुधवार दोपहर की है। मृत बच्चा गड़हनी थाना क्षेत्र के असलान गांव निवासी दीपू सिंह का छह वर्षीय पुत्र अयांश कुमार था। वह एलकेजी का छात्र बताया जा रहा है। घायल उसका छोटा भाई तीन वर्षीय रेयांश कुमार है। दोनों गर्मी की छुट्टी मनाने अपने ननिहाल आये थे। बताया जा रहा है कि बुधवार की दोपहर दोनों भाई घर के बाहर नहर के पास खेल रहे थे। तभी आवारा कुत्तों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। कुत्ते अयांश की गर्दन दबोच कर नोचने लगे। रेयांश ने भागने का प्रयास किया, तो कुत्तों ने उसे भी बुरी तरह नोच दिया। इसमें दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए। दोनों के रोने की आवाज सुनकर घर और पड़ोस के लोग पहुंचे। कुत्तों को किसी तरह भगाया गया। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान अयांश कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं उसके छोटे भाई रेयांश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। इधर, मौत की सूचना पर अस्पताल में मौजूद नगर थाने की पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया। दवा लेने गयी थीं मां और नानी, खेल रहे दोनों भाइयों पर कुत्तों ने बोला हमला आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता आरा जीरो माइल स्थित आदित्य नगर मोहल्ले में रहने वाले आशीष कुमार ने बताया कि दोनों भाई करीब चार दिन पहले अपनी मां के साथ यहां ननिहाल घूमने आये थे। बुधवार की सुबह बच्चों की मां प्रियंका देवी और नानी कविता देवी दवा लेने गयी थीं। घर के अन्य सदस्य कुछ काम में लगे थे। तभी दोनों भाई खेलने के लिए घर से बाहर निकल गये। दोनों नहर के पास खेल रहे थे। तभी वहां आवारा कुत्ते आ गये और अयांश पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने अयांश की गर्दन दबोच ली और नोचने लगे। इस दौरान कुत्तों ने अयांश की गर्दन, पेट, छाती, पीठ और जांघ सहित शरीर के अन्य हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला। छोटे भाई रेयांश को भी कुत्तों ने बुरी तरह काट खाया। इसमें दोनों भाई बुरी तरह लहूलुहान हो गये। बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाज सुन कर परिजन सहित मोहल्ले के लोग पहुंचे तो देखा कि कुत्ते दोनों भाइयों को नोच रहे हैं। तब कुत्तों को मारपीट कर भगाया गया। बच्चों को छोड़ना पड़ा भारी, बड़े बेटे को खोया और दूसरे की हालत भी नाजुक जीरो माइन आदित्यनगर स्थित मायके आयी प्रियंका देवी को अपने बच्चों को घर पर छोड़ना भारी पड़ गया। कुत्तों के हमले में उसने बड़े बेटे को खो दिया। छोटे बेटे की भी हालत गंभीर है। बड़े बेटे की मौत से मां प्रियंका देवी और नानी कविता देवी का बुरा हाल है। दोनों बेसुध पड़ी थीं। बताया जा रहा है कि प्रियंका देवी को दो पुत्र अयांश कुमार और रेयांश कुमार थे। अयांश बड़ा और रेयांश छोटा था। घटना के बाद उनके घर में कोहराम और रोना-धोना मचा है। मां प्रियंका देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ..... फ्लैश बैक आवारा कुत्तों का आतंक : 24 घंटे में 80 से अधिक लोगों को बनाया था शिकार आरा सहित भोजपुर में आवारा (स्ट्रीट डॉग) का आतंक पहले से ही है। आरा शहर में करीब दो साल पूर्व एक पागल कुत्ते ने शहर में 80 से अधिक लोगों को काट लिया था। तब सड़क पर घूम-घूमकर उस पागल कुत्ते ने लोगों को काटा था। हालांकि दूसरे दिन लाठी-डंडों से पीटकर लोगों ने कुत्ते को मार डाला था। घटना 25 जून 2023 को हुई थी। शाम में पागल कुत्ते का आतंक शुरू हुआ था। इसके बाद बाद पागल कुत्ता बस स्टैंड, शिवगंज और सदर अस्पताल रोड, तरी मोहल्ला, केजी रोड और बाबू बाजार सहित अन्य इलाकों में घूमता रहा और राहगीरों को काटता एवं नोचता रहा। रास्ते में जो भी मिला, कुत्ते ने उसे काट लिया था। तब कुत्ते को पकड़ने में नगर निगम कर्मी से लेकर पुलिस तक लगी थी। इससे पहले कोईलवर में दो दिनों में 25 लोगों को, तो डेढ़ साल पहले पीरो बाजार में भी दर्जनों लोगों को कुत्ते ने काट खाया था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।