जमुई: 28 वर्ष से जमुई में रह रही है महिला नरगिस
कश्मीर के पहलगांव में आतंकी हिंसा के बाद सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया। जमुई की नरगिस बानो, जो 28 वर्षों से भारत में रह रही है, अब पाकिस्तान जाने के लिए मजबूर है। उनके पति और...

जमुई, हिंदुस्तान प्रतिनिधि। कश्मीर के पहलगांव में आतंकी हिंसा के बाद कई कहानी सामने आने लगी है। सरकार ने जब पाकिस्तानियों को देश खाली करने का आदेश जारी किया तो जमुई की एक महिला का जीवन अधर में लटक गया। चार बच्चों के साथ जमुई के अलीगंज प्रखंड अंतर्गत आढा गांव में रह रही नरगिस बानों को अब पाकिस्तान जाना होगा। आढ़ा गांव की गलियों में 28 वर्षों से नरगिस बानो बच्चों के साथ जीवन व्यतीत कर रही थी। पाकिस्तान मूल की महिला ने साल 1998 में मो. गाजी से निकाह किया था।मो.गाजी सरकारी स्कूल आढ़ा में शिक्षक है। नरगिस के माता-पिता देश बंटवारे के समय भारत से पाकिस्तान गए थे। रिश्तों की डोर के सहारे, बचपन में ही नरगिस भारत लौट आई। मां के निधन के बाद मो. गाजी की मां ने उसे अपनाया और फिर समय ने दोनों को पति-पत्नी के बंधन में बाँध दिया। दोनों के चार संतानें हैं,दो बेटे, दो बेटियां। एक बेटी की शादी भी हो चुकी है। नरगिस बानो पिछले 28 वर्षों से लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत में रह रही है। भारतीय नागरिकता पाने की उम्मीद में उन्होंने 2009 में मैनुअल आवेदन दिया था, जिसे तत्कालीन जिलाधिकारी ने भी समर्थन दिया था। 2016 में जब प्रक्रिया ऑनलाइन हुई, तो फिर से उन्होंने आवेदन किया। आज भी नागरिकता मिलने का इंतजार कर रही हैं। मो. गाजी एसपी ऑफिस पहुंचे। बताया गया कि उनकी पत्नी का वीजा और नागरिकता की प्रक्रिया पूरी तरह वैध है और किसी तरह का खतरा नहीं है। अगर सरकार को आपत्ति होगी तो हम खुद अपनी पत्नी को पाकिस्तान भेज देंगे। सोचता हूं, अगर उसे वापस भेजना पड़ा तो इन चार बच्चों के आंसू कौन पोंछेगा? एसपी मदन कुमार आनंद ने कहा कि जमुई में एक पाकिस्तानी महिला के रहने की जानकारी मिली है। नरगिस बानो नामक महिला के पास लॉन्ग टर्म विजा है। सरकार से जो निर्देश मिलेगा उसका पालन किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।