सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, घर में कोहराम
हसपुरा में एक अज्ञात स्कार्पियो की चपेट में आने से 11 वर्षीय अजीत कुमार की मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ नाच देखने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। घटना में वेंकटेश कुमार गंभीर रूप से घायल है। पुलिस...

हसपुरा, संवाद सूत्र। हसपुरा थाना के पचरुखिया-देवहरा रोड में कोइलवां मोड़ पर एक अज्ञात स्कार्पियो के धक्के से गुरुवार की रात तिलकपुरा गांव के मजदूर कृष्णा राजवंशी के 11 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। इसी गांव का वेंकटेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक और घायल दोनों के पिता मजदूर हैं। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दोनों युवक धुसरी गांव में नाच का कार्यक्रम देखकर साइकिल से घर लौट रहे थे।
इसी क्रम में कोइलवां मोड़ समीप सामने से आ रही एक स्कार्पियो गाड़ी ने धक्का मार दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य रोने-चिल्लाने लगे। पड़ोस की महिलाएं सांत्वना देकर चुप करा रही थीं। घटना सुनकर रालोमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रो. रणविजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिन्हा, प्रखंड अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा ने मृतक के घर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी और सहयोग का भरोसा दिलाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।