शिकारपुर से दो सगी बहनों का अपहरण, प्राथमिकी दर्ज
नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र में दो सगी बहनों का अपहरण 25 फरवरी की रात 10 बजे किया गया। अपहरणकर्ताओं ने दोनों से दो लाख 39 हजार रुपये अपने मोबाइल पर डलवा लिए। मामले में FIR दर्ज कराई गई है और...

नरकटियागंज, निज प्रतिनिधि। शिकारपुर थाना के एक गांव से दो सगी बहनों का अपहरण कर लिया गया है। घटना 25 फरवरी की रात 10 बजे की है। अपहरणकर्ताओं ने दो लाख 39 हजार रुपया अपने मोबाइल पर दोनों बहनों से डलवा लिया है। इस मामले में शिकारपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गयी है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर इनके दो बेटियों के अपहरण की एफआईआर दर्ज की गयी है। उन्होंने अपने पड़ोस के सीएसपी संचालक जुबैर अंसारी तथा एक दूसरे गांव के रहने वाले अब्दुल वशी साई तथा गोलू साई तथा इन्तजार अंसारी को नामजद अभियुक्त बनाया है। अपह्रत लड़कियों की उम्र 20 वर्ष व 16 वर्ष है। लड़कियों को बरामद करने के लिए पुलिस की टीम जांच में जुट गयी है। घटना में दोषी पाए गए अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाएगा। एफआईआर में लड़कियों के पिता ने बताया है कि उनकी दोनों बेटी 25 फरवरी की रात 10 बजे घर से बाहर गयी तथा वापस नहीं आयी। खोजबीन करने पर पता नहीं चला। घर में रखे पैसा को देखा तो तीन लाख रुपया गायब था। दूसरे दिन सुबह उन्होंने पता किया तो मालूम चला कि उनके गांव के रहने वाले सीएसपी संचालक जुबैर अंसारी के दो मोबाइल नंबर से उनकी दोनों बेटी को बहला-फुसलाकर शादी के लिए अपहरण किया गया है। उन्होंने बताया है कि शिकारपुर के बिनवलिया वार्ड नं. 4 निवासी अब्दुल वशी साई तथा गोलू साई ने अपने मोबाइल नंबर पर करीब आठ माह से दो लाख 39 हजार रुपया डलवा लिया है। छह माह पहले इन्तार अंसारी के मोटरसाइकिल से अब्दुल वशी व गोलू साई उनके घर पहुंचे थे। जब आसपास के लोग पूछने लगे तो दोनों बाइक छोड़कर फरार हो गए थे। एफआईआर में पिता ने आरोप लगाया है कि उक्त चारों लोगों ने मिलकर धोखाधड़ी करके पैसा मोबाइल नंबर पर डलवा लिया है और अपहरण कर लिया है। दोनों लड़कियां घर से 61 हजार रुपया नकद लेकर भी गयी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।