सूरज की तपिश से गर्मी संग उमस का बढ़ा कहर, आज राहत की बारिश
भागलपुर में बुधवार को गर्मी ने तड़का दिखाया, दिन का तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रात का तापमान भी 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार से बारिश और आंधी की संभावना जताई है,...

भागलपुर, वरीय संवाददाता सूरज की तपिश और उमस बढ़ी तो बुधवार को गर्मी के तेवर तल्ख हो गये। इस पर उमस ने लोगों के पसीने निकाल दिये। इस गर्मी के कारण बुधवार को दिन का पारा करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक उछल गया। वहीं रात के पारे में आये उछाल के कारण रात में गर्मी ने पसीने निकाल दिये। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो गुरुवार से गर्मी से राहत मिल जाएगी। इस दौरान गरज के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। दिन का पारा नीचे आएगा तो दिन का मौसम सुहाना हो जाएगा।
2.9 डिसे दिन का तो 1.4 डिसे उछला रात का पारा
बीते 24 घंटे के दौरान जहां दिन का पारा 2.9 डिग्री सेल्सियस व रात का पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस तक उछल गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य तापमान से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
आज आंधी संग हल्की बारिश तो कल से गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को बादल छाए रहेंगे तो इस दौरान जिले में आंधी व मेघगर्जन के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी होगी। इस दौरान दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होगी। वहीं शुक्रवार से रविवार तक आंशिक बदरी के बीच जिले के एक से दो स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।