Residents of Saharsa Face Persistent Waterlogging and Sanitation Issues बोले सहरसा : नाला दुरुस्त कर जलजमाव से दिलाएं राहत, कचरा हटाएं, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsResidents of Saharsa Face Persistent Waterlogging and Sanitation Issues

बोले सहरसा : नाला दुरुस्त कर जलजमाव से दिलाएं राहत, कचरा हटाएं

सहरसा नगर निगम के गांधी पथ के निवासियों को जलजमाव और स्वच्छता की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 10 वर्षों से लोग अवैध मछली पालन, टूटे नाले और कचरा उठाव में कमी के कारण परेशान हैं। स्थानीय...

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरSat, 24 May 2025 10:54 PM
share Share
Follow Us on
बोले सहरसा : नाला दुरुस्त कर जलजमाव से दिलाएं राहत, कचरा हटाएं

सहरसा नगर निगम के गांधी पथ मछली मार्केट में रहने वाले लोगों को आज भी जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिल सकी है। यहां रहने वाले लोगों ने कहा कि हमेशा सड़क पर पानी लगा हुआ रहता है। सड़क पर कचरा जमा रहता है। इस कारण घर से निकलना मुश्किल हो गया है। इसे देखने वाला कोई भी नहीं है। अवैध तरीके से मछली पालन केंद्र चलाया जा रहा है जहां प्रतिबंधित मछली का पालन किया जाता है। उसका पानी सड़क पर बहाया जाता है। इससे संक्रमण फैलने का डर सताता रहता है। जगह-जगह नाले का ढक्कन टूटा हुआ है। हिन्दुस्तान के साथ संवाद के दौरान गांधी पथ के निवासियों ने अपनी परेशानी बताई।

15 सौ से 2 हजार वार्ड वासी जलजमाव व अन्य समस्या से हैं प्रभावित

14 नंबर वार्ड संख्या नगर निगम के गांधी पथ के लोगों की है समस्या

10 वर्षों से भी अधिक दिनों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे लोग

शहर के पुराने गांधी पथ में आज भी नगर निगम एवं जिला प्रशासन का विकास नहीं पहुंच पाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हम लोग वर्षों से जल जमाव की परेशानी से जूझ रहे हैं। इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है। इस कारण लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्षों पहले नाला निर्माण किया गया था, वह जगह जगह पर टूटकर बिखर गया है। विभिन्न जगहों से नाला में गिरने वाला पानी सीधे सड़क पर जमा हो जाता है। जो लोगों के घरों तक भी पहुंच जाता है। बारिश के समय में नाला का गंदा पानी और बारिश का पानी दोनों मिल जाता है। जिससे अधिक पानी होता हैऔर वह लोगों के घरों में घुस जाता है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ रहता है। उन्होंने कहा कि गांधी पथ में अवैध रूप से प्रतिबंधित मछली लाया जाता है। जिसका सैकड़ों लीटर पानी प्रत्येक दिन सड़क पर भर जाता है। जिससे हमेशा बदबू आती है। ऐसे में संक्रामक बीमारी का खतरा रहता है। इसको लेकर भी हम लोगों ने नगर निगम जिला प्रशासन को कहा है। लेकिन इस पर कोई अभी तक काम नहीं हुआ। नगर निगम द्वारा कचरा उठाया जाता था लेकिन अब वह बंद कर दिया गया है। यत्र-तत्र कचरा फेंका रहता है। लोग अपने घरों का कचरा लाकर सड़क किनारे फेंक देते हैं लेकिन नगर निगम के कर्मियों द्वारा कचरा उठाने की जहमत नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि यहां तीन धार्मिक स्थल है। जहां लोग नमाज एवं पूजा-अर्चना करने के लिए जाते हैं लेकिन सड़क पर गंदे पानी से होकर उन्हें गुजरना पड़ता है। नगर निगम एवं जिला प्रशासन समय रहते ध्यान देकर इस पर अविलंब कार्रवाई करें और टूटे हुए नाला की मरम्मत करते हुए जल निकासी की व्यवस्था करे। इससे यहां रहनेवालों को सुविधा होगी।

लोगों ने की सार्वजनिक शौचालय बनाने की मांग

स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि यहां पर कई ऐसे लोग हैं जिनको रहने का घर नहीं हैं। फिर वे शौचालय कहां बनाएंगे ऐसे में सार्वजनिक शौचालय गांधी पथ में होना बहुत जरूरी है। कई ऐसे निम्न तबके के लोग हैं जिनको काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम जिला प्रशासन इसे संज्ञान में लेकर के सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यहां पर हजारों की संख्या में लोग रह रहे हैं लेकिन पीने योग्य पानी नहीं है। चापाकल से आयरन युक्त एवं खराब पानी निकलता है, जिसके कारण कई गंभीर बीमारी होने का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा यदि पीने योग्य पेयजल की व्यवस्था की जाएगी तो लोगों को काफी फायदा होगा और वह शुद्ध पेयजल पी सकेंगे। लोगों ने इस दिशा में नगर प्रशासन से पहल की मांग की।

कचरा नहीं उठाए जाने से लोगों को हो रही है परेशानी

लोगों ने कहा कि हाल के समय में नगर निगम द्वारा जो कचरा उठाव किया जा रहा था वह बंद हो गया है। ऐसे में लोग घर के कचरा सड़क पर फेंक जाते हैं। इससे हमेशा बदबू निकलती रहै। नगर निगम जिला प्रशासन को इस ओर भी ध्यान देकर समस्या का समाधान करना चाहिए।

शिकायत

1. जल जमाव से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

2. अवैध रूप से प्रतिबंधित मछली का पालन किया जाता है।

3. नाला पूरा तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे पानी बहता रहता है। परेशानी होती है।

4. सार्वजनिक शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई है।

सुझाव

1. जलजमाव की समस्या से निजात दिलानी चाहिए।

2. नाला निर्माण होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।

3. अवैध रूप से बिक रही प्रतिबंधित मछली पर रोक लगे।

4. गांधी पथ में सार्वजनिक शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था की जानी चाहिए।

हमारी भी सुनें

अवैध रूप से मछली मार्केट का संचालन किया जा रहा है।इस पर नगर निगम कार्रवाई करे। ताकि राहत मिल सके।

मो आशिफ उर्फ बबलू

वार्ड नंबर 14 में बना नाला जर्जर रहने के कारण पानी सड़क पर जमा रहता है। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

मो एहसान

कचरा नहीं उठाव किया जा रहा है। जिसके कारण कई तरह की संक्रामक बीमारी फैलने का हम लोगों को डर सता रहा है।

बेचन दास

धर्मस्थल रहने के बाद भी यहां पर गंदगी पसरी रहती है। इससे लोगों को स्थल जाने में परेशानी होती है। नगर निगम व जिला प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।

मो मुन्ना

वार्ड नंबर 14 की हर गली में सड़क पर पानी लगा हुआ है। लेकिन इस ओर नहर निगम का कोई ध्यान नहीं है।

मो आरिफ उर्फ लालू

गंदगी से हम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसका समाधान नगर निगम एवं जिला प्रशासन करे।

मासूम खान

पेयजल एवं सार्वजनिक शौचालय का निर्माण बहुत जरूरी है। नगर निगम प्रशासन ध्यान दे। जिससे सुविधा मिलेगी।

मंजर आलम राज

इस वार्ड में प्रतिबंधित मछली का उत्पादन किया जाता है। इस पर रोक लगना चाहिए नगर निगम एवं जिला प्रशासन इस पर ध्यान दे।

महेश मुखिया

घर के आगे सड़क पर पानी जमा रहता है।घर से निकलना मुश्किल हो गया है। इसका समाधान होना चाहिए।

मो फिरोज

शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है। विभाग द्वारा यत्र-तत्र पाइप बिछा दिया गया है। लेकिन उसमें पानी नहीं है।

मो शहाबुद्दीन

काफी खुशी मिली थी कि सहरसा नगर परिषद से नगर निगम बना। पर मूलभूत सुविधाओं से आज भी हम लोग दूर हैं।

राजू कुमार

बारिश के समय में लोग घर से निकलने के लिए एक मात्र सहारा चचरी पुल का रह जाता है। फिर भी नगर निगम इस ओर लापरवाह बना है।

मो मुमताज

हल्की बारिश में भी लोगों के घर में पानी घुस आता है। नाला जर्जर रहने के कारण ऐसा होता है। निकासी की व्यवस्था नहीं है।

मो पिंटू

नगर निगम द्वारा कोई भी विकास नहीं किया जा रहा है।नगर निगम में है। लेकिन सुविधा हम लोगों को नहीं मिल रही है।

मो नसीम काजमी

जलजमाव की समस्या को लेकर हम लोगों ने नगर निगम एवं जिला प्रशासन को शिकायत की थी फिर भी ध्यान नहीं दिया।

रंजीत कुमार रजक

नगर निगम द्वारा मोहल्ले में प्रतिदिन कचरा का उठाव नहीं कराया जा रहा है। जिससे परेशानी है। इसे सुचारु रूप से चालू किया जाए।

शाहनवाज

बोलीं जिम्मेदार

नगर निगम के सभी वार्डों में समुचित विकास हो इसका प्रयास लगातार किया जा रहा है। शहर के गांधी पथ की समस्या दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मोहल्ले में कई माह तक जलजमाव की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों को इस समस्या से निदान दिलाने की दिशा में योजना बनाकर अतिशीघ्र ही पहल की जाएगी।

-बैन प्रिया, महापौर, सहरसा नगर निगम

बोले सहरसा असर

बाजार से अतिक्रमण हटाने को होगी नापी

नवहट्टा, एक संवाददाता। नगर पंचायत नवहट्टा स्थित मुख्य बाजार सहित थाना परिसर व विद्यालय की जमीन में अतिक्रमण से हो रही परेशानी संबधी हिन्दुस्तान के बोले सहरसा पेज पर छपी खबर पर अंचल अधिकारी नवहट्टा ने संज्ञान लिया है। अतिक्रमण हटाने को लेकर कार्रवाई करने की बात कही गई है। नवहट्टा की अंचलाधिकारी मोनी बहन ने बताया कि नवहट्टा बाजार में सड़क किनारे नाला व सड़क पर किये गये अतिक्रमण को चिह्नित करने के लिए अंचल अमीन को सीमांकित करने का निर्देश दिया जा रहा है। नवहट्टा थाना परिसर व अस्पताल सहित सरकारी विद्यालयों में अतिक्रमण की गई अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए नोटिस जारी कर हटाने की कवायद शुरू करने की बात कही गई है। मालूम हो कि नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी मोनू कुमार द्वारा मुख्य बाजार सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर की गई अतिक्रमण से संबंधित सभी अभिलेख उपलब्ध कराने को लेकर अंचल अधिकारी को पत्र लिखा गया है। नगर पंचायत नवहट्टा कार्यालय द्वारा भी अतिक्रमण से आम लोगों को बाजार में हों रही असुविधा दुर करने को लेकर प्रयास में तेजी लाने की बात कही जा रही है। दुकानदारों व ग्राहकों सहित वाहन चालकों को हो रही दैनिक परेशानी से निजात दिलाने को लेकर अंचल अधिकारी व नगर पंचायत नवहट्टा कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से अभियान शुरू करने की बात कही गई है। जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।