सुपौल : एसएसबी ने गांजा की बड़ी खेप की जब्त
सुपौल में एसएसबी जवानों ने शनिवार रात बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया। सीमा चौकी नरपतपट्टी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि तस्करी रोकने के लिए जवानों ने नदी क्षेत्र में छानबीन की। 30 बोरियों में...

सुपौल, निज संवाददाता। एसएसबी सीमा चौकी नरपतपट्टी के जवानों ने शनिवार की रात गांजा की बड़ी खेप बरामद किया। कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा पार से होने वाली तस्करी को रोकने के लिए एसएसबी के अधिकारी और जवान पूरी मुस्तैदी के साथ दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। सूचना मिली थी तस्करों द्वारा भारी मात्रा में सीमा पिलर संख्या 221 से लगभग चार किमी भारत में स्पर संख्या 2400 के सामने नदी के उस पार रेत के बीच मादक पदार्थ छिपा कर रखा हुआ है | सूचना की पुष्टि होने के बाद नदी क्षेत्र की घेराबंदी के लिए नाका दल का गठन किया गया। इसके बाद जवानों को रात को चिन्हि्त स्थान के लिए रवाना कर आसपास के क्षेत्र की छानबीन शुरू की गई। आधे घंटे के बाद जवानों ने बोरा बंद सामानों को देखा। खोजबीन की प्रक्रिया को जारी रखा गया और उस स्थान से 30 बोरियां प्राप्त हुई। सभी बोरियों के अंदर 506 पैकेट मिले। जांच करने पर बोरों में गांजा मिला। उन्होंने कहा कि 1062.2 किलो गांजा को जब्त कर आवश्यक कागजी करने के बाद भपटियाही थाना को सौंप दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।