शादी से 12 दिन पहले दुल्हन और मां की हत्या, एक तरफा प्यार में आशिक ने खुद को भी गोली मारी
नालंदा जिले के सिलवा में शादी से 12 दिन पहले दुल्हन और उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। सनकी आशिक ने डबल मर्डर के बाद खुद को भी गोली मारकर सुसाइड की कोशिश की।

बिहार के नालंदा जिले में शादी से महज 12 दिन पहले होने वाली दुल्हन और उसकी मां की हत्या कर दी गई। सनकी आशिक ने एक तरफा प्यार में डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया। युवक मां-बेटी की हत्या कर खुद को भी गोली मार दी। उसका गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। आरोपी दुल्हन के भाई का दोस्त बताया जा रहा है। यह सनसनीखेज वारदात जिले के सिलवा की सिंह कॉलोनी में बुधवार रात को हुई। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी मच गई।
मृतकों में योगेंद्र राम की 40 वर्षीया पत्नी पुटूस देवी और उनकी 18 साल की बेटी पूनम कुमारी शामिल हैं। वहीं घायल सिरफिरा चंडी थाना क्षेत्र के मऊ गांव निवासी राजीव कुमार का 25 वर्षीय बेटा मनीष कुमार है। वह पावापुरी मेडिकल कॉलेज में इलाजरत है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे प्रेम-प्रसंग में हुई घटना बता रही है।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम में सिरफिरे ने युवती के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा युवती की मां ने खोला। इसके बाद बिना कुछ कहे युवक ने महिला को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर बेटी दरवाजे पर पहुंची तो सनकी ने उसे भी गोली मार दी। इससे मां-बेटी की मौके पर मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने खुद के सिर में भी गोली मारकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। लेकिन, वह गंभीर रूप से घायल है। मौके पर पहुंची पुलिस जख्मी युवक को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज ले गई। एसपी भरत सोनी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
22 अप्रैल को तिलक, 12 दिन बाद आने वाली थी बारात
स्थानीय लोगों के अनुसार युवती की शादी तय हो चुकी थी। 28 अप्रैल को बारात आने वाली थी। 22 अप्रैल को तिलक समारोह था। इसकी तैयारी घर में चल रही थी। गोली मारने वाला युवक आरोपी युवती के भाई का दोस्त बताया जा रहा है। परिजन की मानें तो आरोपित सिरफिरा है। युवती का उससे प्रेम-प्रसंग नहीं था। बदमाश युवती से जबरन शादी रचाना चाहता था। शादी तय होने की खबर मिलने पर उसने वारदात को अंजाम दिया।
थानाध्यक्ष इरफान खान ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। एफएसएल की टीम मौके से साक्ष्यों का नमूना एकत्र कर उन्हें जांच के लिए ले गई। डॉग स्क्वॉयड टीम भी साक्ष्य एकत्र कर रही है।