झोपड़ी में लगी आग, गाय की मौत, हजारों की संपत्ति राख
बक्सर के राजपुर प्रखंड के बहुआरा गांव में एक आग लगने से घुरहू राम जख्मी हो गए और उनकी गाय की मौत हो गई। पति-पत्नी खाना खाकर सो रहे थे, तभी झोपड़ी में आग लग गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया,...

बक्सर, हिन्दुस्तान संवाददाता। राजपुर प्रखंड के बहुआरा गांव में आग लगने से एक व्यक्ति झुलस कर जख्मी हो गया। वहीं एक गाय की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बहुआरा निवासी घुरहू राम और उनकी पत्नी इंद्रासनी देवी खाना खाकर अपनी झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक झोपड़ी में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। पति-पत्नी चिल्लाते हुए बाहर भागे। घुरहू झुलसने से जख्मी हो गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन घर में बंधी गाय की आग में झुलसकर मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना में घुरहू राम की दो साइकिल, दस हजार रुपए नकद, अनाज और पशुचारा जल गया। घुरहू सब्जी बेचकर परिवार का गुजर-बसर करते हैं। शुक्रवार को ही बाजार से सब्जियां खरीदकर लाए थे, वह भी आग की भेंट चढ़ गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।