भाजपा नेताओं पर लाठीचार्ज करने में दो सिपाही निलंबित
लहेरियासराय में 7 जून को भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान एसडीओ के साथ धक्का-मुक्की की गई और पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए। जांच के बाद, दो...
लहेरियासराय। शहर के आयकर चौराहे पर गत सात जून को मशाल जुलूस निकालने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं व अधिकारियों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान सदर एसडीओ के साथ धक्कामुक्की की गयी थी। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए थे। उनका इलाज डीएमसीएच में किया गया। इस मामले में डीएम ने अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार को जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा था। अपर समाहर्ता ने जांच के दौरान पाया कि विधि व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए मशाल को जब्त करने का प्रयास किया गया था।
उन्होंने रिपोर्ट में बताया है कि वीडियो फुटेज से स्पष्ट रूप से पता चलता है कि मशाल को जब्त करने के क्रम में क्यूआरटी सिपाही जितेंद्र कुमार व नगर थाने में पदस्थापित डायल 112 बाइक पर प्रतिनियुक्ति सिपाही रामकरण ने आक्रोशित होकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चला दिया था। इससे कुछ बीजेपी कार्यकर्ता घायल हो गए थे। बिना वरीय पदाधिकारी के आदेश के लाठीचार्ज व धक्कामुक्की करना उचित नहीं था। इसे लेकर उन्होंने दोनों सिपाहियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने को लेकर डीएम से अनुशंसा की थी। उनकी अनुसंशा पर डीएम ने उक्त दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। इसकी पुष्टि डीएम कौशल कुमार ने की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।