बिन दुल्हन के दूल्हा सहित लौटी बारात
कमतौल के एक गांव में शादी के दौरान दूल्हा बेहोश हो गया, जिससे दुल्हन के परिजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया। बारात बिना दुल्हन के लौट गई। यह घटना शादी की रस्मों के दौरान हुई, जिसमें दूल्हे के बेहोश...

कमतौल। जाले प्रखंड व कमतौल थाना क्षेत्र के एक गांव से बिन दुल्हन के दूल्हा सहित बारात वापस लौट जाने का हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शादी की रस्मों के दौरान विवाह मंडप पर दुल्हा गिर कर बेहोश हो गया। जिसे देख दुल्हन के परिजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया और बिना दुल्हन के ही दूल्हे की बारात वापस लौट गयी। बारात कमतौल थाना क्षेत्र के ही एक गांव से दूसरे गांव में गयी थी। खुशी खुशी शादी समारोह की रस्मो की अदायगी चल रही थी। तभी लड़का बेहोश होकर गिर गया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल है। हालांकि हिंदुस्तान अख़बार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बताया जाता है कि कमतौल थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले पिता ने अपनी बेटी की शादी इसी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय की थी। तय तिथि पर युवती के गांव बारात पहुंची। उसके बाद वर और वधू पक्ष की ओर से हंसी खुशी और धूमधाम से शादी की रस्में शुरू हुईं। वधू पक्ष ने बारातियों और मेहमानों का खूब स्वागत सत्कार किया। वर-वधू के लहछू के बाद सिनेह खिलाने की रस्म अदायगी के बाद दुल्हा बेहोश हो गया। जिसे देख शादी समारोह में हड़कंप मच गया। दूल्हे पक्ष के लोगों ने बड़ी आरजू-मिन्नतें की, लेकिन वधू पक्ष के लोगों ने एक नहीं सुनी। वधू पक्ष के लोगों ने मिर्गी जैसी गंभीर बीमारी का आरोप लगाकर बिना दुल्हन के बरातियों को बैरंग लौटने पर विवश कर दिया। अब यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।