शिक्षकेतर कर्मियों ने विवि में कार्य का किया बहिष्कार
दरभंगा में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। कर्मियों ने विवि प्रशासन के रवैये के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। वार्ता विफल होने के कारण...

दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ ने सोमवार को कार्य बहिष्कार कर दिया। विवि मुख्यालय के कर्मियों ने सुबह कार्यालय पहुंच अपनी उपस्थिति दर्ज की और धरने पर बैठ गए। विवि प्रशासन के रवैये से आक्रोशित कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पूरे दिन नारेबाजी करते रहे। विवि प्रशासन से वार्ता विफल रही। आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहेगा। लनामिवि कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शंकर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में धरना स्थल पर कर्मियों की सभा भी हुई। वार्ता के अनुरूप अब तक ठोस पहल नहीं होने पर रोष जताते हुए कर्मियों ने इसके लिए विवि प्रशासन को दोषी ठहराया। सचिव मनोज कुमार राम ने बताया कि कर्मियों के हितों की लगातार अनदेखी होने पर 21 जनवरी को विवि मुख्यालय के कर्मियों ने 11 सूत्री मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार किया था। उस समय विवि प्रशासन ने सकारात्मक वार्ता करते हुए आंदोलन स्थगित करने का अनुरोध किया था। कुछ बिंदुओं पर अनुपालन के लिए अधिकतम दो माह तक का समय देते हुए कर्मियों ने आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन वार्ता के अनुरूप अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदेश अध्यक्ष शंकर यादव ने कहा कि वार्ता में निर्धारित समय सीमा समाप्त होने पर संघ ने चार एवं 12 मार्च को विवि प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर आश्वासनों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया, लेकिन कोई ठोस पहल सामने नहीं आयी। कर्मचारियों की सभी मांगें जायज हैं, ऐसे में विवि प्रशासन को अविलंब मांगों को पूरा करना चाहिए। कर्मियों ने कहा कि विवि के पदाधिकारियों में तालमेल का अभाव है। इसका खामियाजा कर्मचारी भुगत रहे हैं। कर्मचारी अब इसका विरोध करेंगे। कहा कि इस बार कर्मचारी विवि प्रशासन के छलावे में नहीं आएंगे। जब तक मांगों पर अनुपालन नहीं होगा, विवि मुख्यालय के सभी कर्मी उपस्थिति दर्ज कर कार्य बहिष्कार करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे विवि के पदाधिकारियों का दल कुलसचिव डॉ. अजय कुमार पंडित के नेतृत्व में धरना स्थल पर पहुंचा। विवि प्रशासन ने एक बार फिर मांगों को पूरा करने के लिए समय की मांग की, लेकिन कर्मियों ने इसका तीव्र विरोध किया। कर्मचारी मांगों के अनुपालन की मांग पर अड़े रहे तो विवि के पदाधिकारी वापस लौट गए। उन्होंने बताया कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, समझौता नहीं होगा और आंदोलन जारी रहेगा। वार्ता में विवि प्रशासन की ओर से कुलानुशासक डॉ. अनुरंजन, उप कुलानुशासक डॉ. कामेश्वर पासवान, डीआर वन डॉ. राजीव कुमार, एफए इंद्र कुमार, एफओ जानकी रमण निधि, डब्ल्यूआईटी निदेशक डॉ. अजय नाथ झा आदि मौजूद थे। मौके पर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष, सचिव व प्रदेश अध्यक्ष के साथ उपाध्यक्ष अशोक कुमार अरविंद, भोला पासवान, संगठन मंत्री राम सेवक भारती, संयुक्त सचिव अशोक कुमार दास, अजय कुमार अजय, उप सचिव ललन शर्मा, कोषाध्यक्ष अमृत नाथ झा, उप कोषाध्यक्ष राम सेवक दास, शिवनारायण राय, साकेत कुमार मिश्र, कुंदन कुमार, विकास कुमार, प्रेम चंद्र प्रसाद, प्रभात किरण, ओम प्रकाश साहू आदि उपस्थित थे।
कामकाज ठप रहने से दिनभर परेशान रहे छात्र-छात्राएं, बैरंग लौटे
लनामिवि में मुख्यालय के कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के कारण कामकाज पूरे दिन ठप रहा। इस दौरान विभिन्न कार्यों से विवि मुख्यालय पहुंचे छात्र-छात्राएं परेशान रहे। दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को काफी फजीहत झेलनी पड़ी। कामकाज ठप देख छात्र-छात्राएं कुलपति से मिलने उनके नरगौना स्थित आवास की तरफ बढ़े, लेकिन उन्हें रास्ते में ही रोक लिया गया और आश्वस्त किया गया कि जल्द ही विवि में कामकाज शुरू कराया जाएगा। उसके बाद काफी देर तक छात्र-छात्राएं आंदोलन स्थगित होने का इंतजार करते रहे, लेकिन विवि प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं होता देख धीरे-धीरे वे व्यवस्था को कोसते विवि से रवाना होते गए। छात्र-छात्राएं अनमोल कुमार, राजेश कुमार, नेहा कुमारी, शिल्पी कुमारी, अनुराधा कुमारी, केशव कुमार आदि ने कहा कि विश्वविद्यालय की लचर व्यवस्था से छात्र-छात्राओं को अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
आज से कॉलेज कर्मियों का शुरू होगा आंदोलन
लनामिवि अंतर्गत चार जिलों में संचालित अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षकेतर कर्मचारी मंगलवार से तीन दिनों तक विवि मुख्यालय पर घेरा डालो डेरा डालो आंदोलन करेंगे। विवि प्रशासन के रवैये को लेकर कॉलेज कर्मियों में भी काफी आक्रोश है। इनका भी आरोप है कि वार्ता कर विवि प्रशासन टालमटोल की नीति अपनाता है, जबकि मांगों को पूरा करने को लेकर उदासीनता चरम पर है। प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक कुंवर एवं प्रक्षेत्रीय मंत्री विनय कुमार झा ने बताया कि वार्ता के पांच महीनेबीत जाने के बाद भी समझौता का क्रियान्वयन नहीं हुआ है। 25 से 27 मार्च तक अंगीभूत कॉलेजों के सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहते हुए विवि मुख्यालय पर विवि प्रशासन का घेराव करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।