बिरौल-गंडौल एसएच पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत
बिरौल में शुक्रवार रात एक सड़क दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक व्यक्ति, मनीष मुखिया, को इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। वह अपनी ससुराल जा रहा था जब एक विक्षिप्त व्यक्ति अचानक उसकी...

बिरौल/गौड़ाबौराम, हिटी। बिरौल-गंडौल मुख्य सड़क एसएच 17 पर शुक्रवार की रात बड़गांव थाना क्षेत्र के तेनुआ चौक के पास सड़क दुर्घटना में दो लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। इलाज के दौरान सीएचसी बिरौल के चिकित्सक ने इनमें से एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। मृतक बिरौल थाना क्षेत्र की लदहो पंचायत के अफजला गांव निवासी 38 वर्षीय मनीष मुखिया था। डीएमसीएच भेजा गया जख्मी 25 वर्षीय विक्षिप्त बताया जा रहा है। उसका इलाज पुलिस की देखरेख में चल रहा है। जानकारी के अनुसार मनीष मुखिया बिरौल प्रखंड मुख्यालय से अपनी चाय-नाश्ते की दुकान बंद कर रात करीब नौ बजे बड़गांव थाना क्षेत्र के तेनुआ गांव अपनी ससुराल जा रहा था।
इसी दौरान तेनुआ चौक के पास विक्षिप्त व्यक्ति अचानक उसकी बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने के क्रम में मनीष सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकराया। इसमें दोनों बुरी तरह जख्मी हो गये। स्थानीय लोगों एवं पुलिस ने दोनों को बिरौल स्थित सीएससी में इलाज के लिए भर्ती कराया। वहां इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अमरेश कुमार ने मनीष मुखिया को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के घर में कोहराम मच या है। मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। इनमें एक पुत्र एवं दो पुत्री हैं। पत्नी सुमित्रा आठ माह की गर्भवती है। सुमित्रा ने बताया कि उसके पति मनीष ने फोन पर उन्हें सूचना दी थी कि वे उनसे मिलने ससुराल तेनुआ आ रहे हैं। देर रात तक मनीष के ससुराल नहीं पहुंचने पर जब ससुराल वालों ने उसके फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो जवाब मिला कि उनका एक्सीडेंट हो गया है। मनीष को अस्पताल भेजा गया है। इधर, बड़गांव पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मनीष के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।