कन्हैया कुमार समेत 41 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR, बिना परमिशन प्रदर्शन, पुलिस से धक्कामुक्की का आरोप
पटना पुलिस ने कांग्रेस की पलायन रोको यात्रा के दौरान राजापुर पुल के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हंगामा करने के मामले कन्हैया कुमार समेत 41 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। बिना इजाजत के प्रदर्शन और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है।

कांग्रेस की पलायन रोको यात्रा के दौरान राजापुर पुल के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हंगामा करने के मामले में एसके पुरी पुलिस ने कन्हैया कुमार सहित 41 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया है। कार्यकर्ताओं पर बिना इजाजत के प्रदर्शन और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है। प्रदर्शन की वजह से वहां काफी देर तक यातायात व्यवस्था ठप हो गई थी।
जाम के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। थानेदार प्रभात कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट के आवेदन पर केस दर्ज किया गया है। कन्हैया कुमार पलायन रोको-नौकरी दो के मुद्दे पर पदयात्रा कर रहे थे। शुक्रवार को पदयात्रा का पटना में समापन था। कन्हैया के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से मुलाकात करना चाहते थे। लेकिन, पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को राजापुर पुल के पास रोक दिया था।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई थी। बाद में पुलिस ने कन्हैया कुमार सहित 45 नेताओं को हिरासत में लिया था। हालांकि पीआर बॉन्ड भरवा बाद में सभी को कोतवाली थाने से जमानत दे दी गई थी। देर रात मजिस्ट्रेट की ओर से लिखित शिकायत के बाद इस संबंध में एसके पुरी थाने में केस दर्ज किया गया।