सूबे में 2028 तक 17 फीसदी होंगे हरित क्षेत्र: मंत्री
गया में वन व पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने किया निरीक्षण

सूबे में 2028 तक हरित क्षेत्र बढ़कर 17 फीसदी हो जाएंगे। अभी बिहार में 15.5 फीसदी क्षेत्र हरित है। इसके लिए लगातार तैयारी की जा रही है। विभाग प्रत्येक साल 8 करोड़ से अधिक पौधे उगा रहा है। बुधवार को गया सर्किट हाउस में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे लगाने का लक्ष्य जीविका दीदीयों को भी दिया गया है। मंत्री ने बताया कि उन्होंने गया में कई स्थलों को निरीक्षण किया और उसकी समीक्षा की। डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि पर्यावरण को बेहतर बनाने में विभाग के साथ-साथ जनभागीदारी होना जरूरी है।
हर रविवार हो पर्यावरण के नाम
मंत्री ने सभी से हर रविवार पर्यावरण को देने का आग्रह किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने की बात कही। ताकि बिहार को जलवायु परिवर्तन के प्रकोपों से बचाया जा सके। मंत्री ने कहा कि जीविका दीदीयों को पौधाशाला लगाने का लक्ष्य दिया जाता है। लेकिन आम लोगों की भागीदारी होने से बिहार में अधिक हरित क्षेत्र होंगे।
राजगीर का नेचर सफारी बन रह उदाहरण
मंत्री ने कहा कि चीन के बाद नेचर सफारी राजगीर में देखने को मिलता है। इसे देखने देश- दुनिया के लोग आ रहे हैं। वीटीआर, कैमूर का कक्करगढ़ जलप्रपात, रोहतास का तुतला भवानी, गुप्ताधाम व बांका के मंदार की पहाड़ी पर पर्यावरण विभाग विकास कार्य में जुटा है। बराबर पहाड़ पर करोड़ों खर्च कर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। विश्वामित्र जी की कर्म भूमि को ध्यान में रखते हुए बक्सर में विश्वामित्र पार्क बनाया जा रहा है।
सिलौंजा में पर्यावरण विभाग खर्च कर रहा 21 करोड़ 81 लाख
पर्यटन स्थलों के विकास की लगातार कोशिश हो रही है। बोधगया के पास सिलौंजा में सात आश्चचर्ययों की प्रतिकृति पर पर्यावरण विभाग लगभग 22 करोड़ रूपये खर्च कर रहा है। यहां से ताजमहल, चीन का ग्रेट वॉल सहित दुनिया के सात अजूबों को देखने का मौका मिलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।