लो आ गई एक और वंदे भारत! यूपी-बिहार के इस रूट पर चलेगी, पढ़ें पूरी जानकारी
रेलवे ने बिहार और यूपी के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू कर दी है। 489 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन महज साढ़े 6 घंटे में पूरा करेगी।

Vande Bharat Express Train: बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने दोनों राज्यों के बीच एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू कर दी है। यह ट्रेन बिहार के छपरा से यूपी की राजधानी लखनऊ तक चलेगी। इसकी शुरुआत गुरुवार से हो गई है। फिलहाल इसे गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए चलाया गया है। इसका संचालन 26 अप्रैल तक किया जाएगा। हालांकि, रेल यात्री इसे नियमित रूप से चलाने की मांग कर रहे हैं। आइए जानते हैं कि छपरा-लखनऊ वंदे भारत स्पेशल ट्रेन का रूट और शेड्यूल क्या है।
वंदे भारत स्पेशल ट्रेन (02270) लखनऊ से सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को दोपहर 2.15 बजे रवाना होगी। रात में 9.30 बजे यह छपरा पहुंचेगी। वापसी में, वंदे भारत स्पेशल ट्रेन (02269) छपरा से सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को रात 11 बजे खुलेगी। यह गाड़ी अगले दिन सुबह 6.30 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
छपरा से लखनऊ का सफर महज साढ़े 6 घंटे में
वंदे भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के जरिए छपरा और लखनऊ के बीच 489 किलोमीटर का सफर महज साढ़े 6 घंटे में पूरा किया जाएगा। यह देश की सबसे तेज चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है। अन्य एक्सप्रेस रेलगाड़ियों में छपरा से लखनऊ के बीच का सफर 8 से साढ़े 8 घंटे में पूरा किया जाता है। डिब्रूगढ़ राजधानी भी साढ़े 7 घंटे का समय लेती है।
वंदे भारत का इन स्टेशनों पर होगा ठहराव, जानें किराया
छपरा-लखनऊ वंदे भारत स्पेशल ट्रेन में कुल 8 कोच हैं। इसमें एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटीव क्लास, दोनों तरह के कोच शामिल हैं। वंदे भारत स्पेशल ट्रेन छपरा से सुरायमनपुर, बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी जंक्शन और सुल्तानपुर पर ठहरते हुए लखनऊ पहुंचती है। वाराणसी में इस ट्रेन का 5 मिनट ठहराव है, जबकि अन्य स्टेशनों पर दो मिनट का स्टोपेज रखा गया है। वंदे भारत स्पेशल ट्रेन में छपरा से लखनऊ तक एसी चेयर कार का किराया 1285 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास में 2545 रुपये रखा गया है।