कांग्रेस सत्ता में आई तो बेटी को प्रतिमाह 2500 देंगे : अनीश
कांग्रेस सत्ता में आई तो बेटी को प्रतिमाह 2500 देंगे : अनीश

लखीसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। उम्मीदें रंग लाएंगी, माई बहिन मान योजना से ज़िंदगी मुस्कुराएगी। कांग्रेस ने बढ़ाया हाथ, बिहार की बेटियों को देंगे 25 सौ रुपया प्रतिमाह की सौगात। कांग्रेस पार्टी ने बिहार की बहनों और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए एक ऐतिहासिक पहल किया है। माई बहिन मान योजना के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी की अगुवाई में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर बिहार राज्य की पात्र बहनों और बेटियों को प्रतिमाह 25 सौ रुपया की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी। उक्त बातें गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने केएसएस कॉलेज स्थित जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान कही।
बताया कि यह योजना न केवल आर्थिक राहत देगी, बल्कि बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाएगी। जनता ने भरोसा जताया, कांग्रेस ने कर दिखाया। कांग्रेस पार्टी ने सदैव देश की महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश में लाड़ली योजना की शुरुआत सबसे पहले कांग्रेस ने की थी। दिल्ली में शीला दीक्षित सरकार ने 2008 में लाडली योजना शुरू की थी। जिसके तहत बेटी के जन्म के समय 36 हजार और कक्षा एक से 12 तक पढ़ाई के लिए 25 हजार की सहायता दी जाती थी। 12वीं कक्षा पूरी करने पर खाते में एक लाख का मैच्यूरिटी रकम सीधे आ जाता था। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने गृह लक्ष्मी योजना शुरू की, जिसके तहत हर महिला को प्रतिमाह दो हजार रुपया सीधे बैंक खाते में दिया जा रहा है। इसका लाभ 1.35 करोड़ महिला को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पात्र महिला को प्रतिमाह 15 सौ की सहायता दी जा रही है। झारखंड की कांग्रेस गठबंधन सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत महिलाओं को प्रतिमाह 25 सौ की आर्थिक सहायता देना शुरू किया है यह एक हजार थी। कांग्रेस ने इसे बढ़ाने का वादा किया था और वादा निभाया। योजना से 56.61 लाख महिला लाभान्वित हो रही हैं। माई बहिन मान योजना बिहार में क्यों जरूरी है, नीतीश ने किया गरीबी का वार, मोदी की महंगाई का प्रहार। जेडीयू भाजपा की सरकार ने बिहार को आकंठ गरीबी में डुबाकर बस अपनी सत्ता की भूख मिटाई है। 7 नवंबर 2023 को प्रकाशित जातीय सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार 94.42 लाख परिवार की मासिक आय छह हजार से कम है, यानी लगभग पांच करोड़ लोग 40 रुपया प्रतिदिन पर गुजारा कर रहे हैं। 81.91 लाख परिवार की आय 10 हजार रुपए प्रतिमाह से कम है, यानी लगभग चार करोड़ लोग 67 रुपया प्रतिदिन पर जीवित हैं। दूसरी ओर केंद्र की मोदी सरकार ने महंगाई की मार से आम जन जीवन को संकट में डाल दिया है। 60-70 रुपया का पेट्रोल-डीजल 100 को पार कर दिया। मौके पर क्रांति देवी, ममता देवी, राजकुमार पासवान, महेन्द्र यादव, अभय कुमार, अलख निरंजन, धीरज यादव, अशोक कुमार, विजय सिंह, संटू कुमार, दीनानाथ वर्मा एवं दयानंद दास मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।