धान की रोपाई से पहले मक्का की खेती करें किसान
धान की रोपाई से पहले मक्का की खेती करें किसान

कजरा, एक संवाददाता। किसान सलाहकार अनिल कुमार सिंह ने बताया कि रबी की फसलों की कटाई करने के बाद किसानों के खेत खाली हो जाते हैं। ऐसे में खाली खेतों में किसान कुछ दिनों में तैयार होने वाली फसल लगाकर अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं। गेहूं, चना, मसूर और सरसों की कटाई के बाद खाली पड़े खेतों में मक्का की खेती करके कम समय में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। बता दें कि धान की रोपाई में अभी समय है, इस बीच मक्का की फसल किसानों के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। मक्का की खेती किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकती है। यह फसल केवल 90 से 95 दिनों में तैयार हो जाती है और इसमें लागत भी कम आती है। किसान मक्का का उपयोग मुर्गी दाने, भुट्टे और हरे चारे के लिए कर सकते हैं। यह साठा धान की तुलना में भी बेहतर है, क्योंकि इसमें पानी की खपत कम होती है और उत्पादन अच्छा मिलता है।मक्का की खेती करने के लिए सबसे पहले खेत को अच्छी तरह से जुताई करके समतल करें, जब उसमें उचित नमी हो तब मक्का के बीज को लाइन से लाइन 60 सेमी और पौधे से पौधे 20 से 25 सेमी की दूरी पर लगाएं। बुवाई से पहले बीज को शोधित जरूर करें। 1 किलो बीज के लिए 2.5 ग्राम कार्बेन्डाजिम का उपयोग करें। इससे फसल में रोग नहीं लगेंगे और अच्छी उपज के लिए मक्के की अच्छी किस्म का बीज चुनना जरूरी है। देसी मक्का के लिए किसान कंचन, सूर्या या जौनपुरी किस्मों का चुनाव कर सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।