सप्ता कंजर बस्ती में बनेगी सड़क, बदलेगी तस्वीर
मधुबनी में कंजर बस्ती के लिए नगर निगम ने महत्वपूर्ण विकास योजनाएं शुरू की हैं। यहां पुरुषों और महिलाओं के लिए सामुदायिक शौचालयों का निर्माण होगा, साथ ही आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। डीएम और नगर...

मधुबनी। आधुनिक सुविधा और विकास की मुख्य धारा से अलग- थलग जीवन यापन करने वाले कंजरों के जीवन में व्यापक बदलाव आयेगा। सामान्य सुविधा और आधारभूत संरचना की कमी से जुझ रहे सप्ता कंजर बस्ती में हर सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी। नगर निगम ने यहां पर दो स्थानों पर शौचालय निर्माण का निर्णय लिया है। एक ओर पुरुष के लिए और दूसरी ओर महिलाओं के लिए सामुदायिक शौचालय बनाया जायेगा। शौचालय की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के लिए दोनों ही स्थानों पर पानी की बेहतर व्यवस्था होगी। वहीं झोपड़ी में रहने की विवशता अब खत्म होगी। पर्चाधारियों को आवास योजना का लाभ दिया जायेगा। वहीं जिनके पास भूमि नहीं है, उनके लिए मल्टी स्टोरी वाले भवन का निर्माण किया जायेगा। डीएम अरविन्द कुमार वर्मा ने सीओ को भूमि सीमांकन कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। वहीं नगर आयुक्त को निमार्ण कार्य का प्रस्ताव देने का आदेश दिया है, ताकि विभाग को शीघ्र अनुशंसा भेजी जा सके। इस पहल से यहां के लोगों के सर पर पक्का छत होने की उम्मीद बढ़ गई है। खुले आसमान के नीचे रहने की विवशता अब इनकी नहीं रहेगी। इस बस्ती में एक ही मुख्य सड़क पीसीसी है। नगर आयुक्त अनिल कुमार चौधरी ने नगर प्रबंधक को मोहल्ले की सभी गलियों की मापी कर पीसीसी सड़क निर्माण के लिए डीपीआर बनवाने का आदेश दिया है।
प्रमुखता से उठायी गईं समस्याएं
विकास के मामले में पीछे छुट गये इस बस्ती की कई गंभीर समस्याओं को हिन्दुस्तान में बीते नौ मार्च को प्रमुखता से उठाया गया था। बोले मधुबनी मंच पर यहां के युवाओं और महिलाओं ने अपनी समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया था। डीएम अरविन्द कुमार वर्मा व नगर आयुक्त अनिल कुमार चौधरी ने इसे काफी गंभीरता से लिया और शीघ्र ही हर समस्याओं को समेकित रुप से समाधान की पहल की है। सामुदायिक मुखिया विनोद कंजर और विकास मित्र मेघना ने बताया कि यह पहल मील का पत्थर साबित होगा। सावन बंजारा, संजीव कंजर, मीना देवी, गीता कंजर, विकास कंजर, दीपक कंजर, राकेश कंजर, सुनीता कंजर, ज्योति कंजर, शिव कुमार कंजर, लक्ष्मी कंजर, मोहन कंजर, कमलेश कंजर और अन्य ने खुशी जताई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।