Demand for Swift Construction of Munger University Building Sparks Protest March मुंगेर विवि भवन निर्माण की मांग को लेकर नौवागढ़ी में निकल गया पैदल मार्च, Munger Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMunger NewsDemand for Swift Construction of Munger University Building Sparks Protest March

मुंगेर विवि भवन निर्माण की मांग को लेकर नौवागढ़ी में निकल गया पैदल मार्च

मुंगेर में नौवागढ़ी सर्व दलीय संघर्ष समिति ने विश्वविद्यालय भवन के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर जोरदार पैदल मार्च निकाला। मार्च भगत सिंह चौक से शुरू होकर मस्जिद चौक पर सभा में बदल गया। नेताओं ने...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेरFri, 18 April 2025 03:31 AM
share Share
Follow Us on
मुंगेर विवि भवन निर्माण की मांग को लेकर नौवागढ़ी में निकल गया पैदल मार्च

मुंगेर, एक संवाददाता। नौवागढ़ी में गुरुवार को नौवागढ़ी सर्व दलीय संघर्ष समिति के बैनर तले मुंगेर विश्वविद्यालय भवन का शीघ्र निर्माण कराने की मांग को लेकर जोरदार पैदल मार्च निकाला गया। यह मार्च भगत सिंह चौक, नौवागढ़ी से शुरू होकर भगत नौवागढ़ी बाजार होते हुए मस्जिद चौक, नौवागढ़ी पर पहुंच कर एक सभा में परिवर्तित हो गया। यहां सभा का संचालन अशोक चौधरी ने किया, जबकि अध्यक्षता संयोजक रविंद्र मंडल ने की।

इसके पूर्व पैदल मार्च का नेतृत्व परिमंडलीय विकास संघर्ष मोर्चा, मुंगेर के संयोजक प्रो विनय कुमार सुमन, मोर्चा के संरक्षक नरेश सिंह यादव एवं नोवागढ़ी सर्व दलीय संघर्ष समिति के संयोजक रविंद्र मंडल ने किया। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी ने 'मुंगेर विश्वविद्यालय का भवन निर्माण शीघ्र करो', 'विश्वविद्यालय को अन्यत्र ले जाने की साजिश नहीं चलेगी' और 'छात्र विरोधी शिक्षा नीति- 2020 वापस लो' आदि नारे लगाते रहे।

सभा को संबोधित करते हुए प्रो विनय कुमार सुमन ने कहा कि, मोर्चा के लंबे संघर्ष के बाद 18 मार्च 2018 को आरडी एंड डीजे कॉलेज, मुंगेर में मुंगेर विश्वविद्यालय का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया था। लेकिन, तभी से कुछ जनप्रतिनिधि मुंगेर मुख्यालय के आसपास विश्वविद्यालय भवन का निर्माण रोकने के प्रयास में जुट गए। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, उन्हें बेगूसराय में राष्ट्रकवि दिनकर विश्वविद्यालय की चिंता है, लेकिन मुंगेर विश्वविद्यालय की स्थापना के सात साल बाद भी भवन निर्माण नहीं होने की कोई चिंता नहीं है।

वहीं, मोर्चा के संरक्षक नरेश सिंह यादव ने सवाल उठाया कि, जब पूर्णिया विश्वविद्यालय और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है, तो मुंगेर विश्वविद्यालय के साथ सौतेला व्यवहार क्यों? जबकि, रविंद्र मंडल ने स्पष्ट कहा कि, मुंगेर विश्वविद्यालय का भवन हर हाल में नौवागढ़ी में ही बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि, यहां चयनित भूमि सुरक्षा, यातायात और भौगोलिक दृष्टिकोण से सर्वाधिक उपयुक्त है। यदि शीघ्र भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो मोर्चा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

पैदल मार्च में रामावतार पंडित, मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार यादव, अधिक लाल मंडल, योगेंद्र यादव उर्फ जोगी जी, रवि शंकर तांती, मो कौसर फैयाज, शैलेंद्र शर्मा, प्रकाश चंद्र, मणि कुमार अकेला, पंकज दास, नवल यादव, क्षत्रिय पासवान, रंजीत यादव, लखन कुमार, ध्रुव सुधांशु, अनिल कुमार एवं सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

मोर्चा की यह चेतावनी प्रशासन के लिए गंभीर संदेश है कि, मुंगेर विश्वविद्यालय के निर्माण में और देर जनभावनाओं की अवहेलना मानी जाएगी। अतः वह शीघ्र विश्वविद्यालय भवन निर्माण के लिए विश्वविद्यालय को जमीन सौंपे और निर्माण कार्य शुरू कराए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।