Heatwave Hits Munger with Maximum Temperature Reaching 41 C गर्म पछुआ हवा चलने से लू का रहा प्रकोप, जनजीवन अस्त-वयस्त, Munger Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMunger NewsHeatwave Hits Munger with Maximum Temperature Reaching 41 C

गर्म पछुआ हवा चलने से लू का रहा प्रकोप, जनजीवन अस्त-वयस्त

बुधवार को मुंगेर में लू का प्रकोप रहा, जिससे अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोग गर्म हवा और तेज धूप से परेशान रहे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में कोई विशेष...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेरThu, 24 April 2025 03:01 AM
share Share
Follow Us on
गर्म पछुआ हवा चलने से लू का रहा प्रकोप, जनजीवन अस्त-वयस्त

मुंगेर , एक संवाददाता। बुधवार को गर्म हवा के बीच लू का प्रकोप रहने से जनजीवन पर असर पड़ा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वर्तमान मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। दोपहर में गर्म हवा के थपेड़ों से लोग परेशान रहे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वर्षा की भी कोई संभावना नहीं है, जिससे मौसम शुष्क ही बना रहेगा और लोग प्रचंड धूप एवं गर्मी से बेहाल रहेंगे। बुधवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को सताना शुरू कर दिया था। दिन चढ़ने के साथ-साथ तापमान में वृद्धि होती गई और दोपहर तक धूप एवं गर्मी प्रचंड रूप ले चुकी थी। दिनभर मध्यम गति की पछिया हवा चलती रही और इससे लोगों को उमस से तो राहत मिली, लेकिन दोपहर में लू का असर रहा। इससे लोग बेहाल नजर आए। ऐसे में, लू के असर से बचने के लिए लोग छाता लेकर या सिर को ढंककर बाहर निकलने को मजबूर हुए। तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी काफी कम रही।

अधिकतम तापमान में हुई वृद्धि:

बुधवार को मुंगेर के न्यूनतम तापमान में जहां कमी आई, वहीं अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। ऐसे में, बुधवार को मुंगेर का न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हवा की अधिकतम गति 27 किमी प्रति घंटा रही।

लेकिन, आज तापमान में कमी आने की संभावना है। आज मुंगेर का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके साथ ही आज दिन भर हल्की पछिया हवा के चलने की संभावना है, जिसकी अधिकतम गति 18 किमी प्रति घंटा रह सकती है।

बरतें सावधानी: गर्मी की तीव्रता को देखते हुए चिकित्सक ने लोगों को लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। तेज धूप में जरूरी काम से बाहर जाने पर छाता, टोपी लगाने के साथ ही अधिक पानी पीने की सलाह दी है। अधिक से अधिक तरल एवं शीतल पदार्थ के सेवन की सलाह दी है।

डॉ. सुशील झा

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, मुंगेर सदर।

कहते हैं वैज्ञानिक:

आने वाले दिनों में मुंगेर के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। लेकिन, पश्चिमी हवाओं का प्रवाह बना रहने से फिलहाल तापमान में कमी की कोई विशेष संभावना नहीं है। इसके साथ ही इसका प्रभाव कम ही पड़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में मुंगेर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल, अगले कुछ दिनों तक मुंगेर में वर्षा की संभावना नहीं है।

-मुकेश कुमार, वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान,

केविके, मुंगेर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।