मुंगेर में बूंदाबांदी से मिली राहत की हल्की फुहार, गर्मी और उमस बरकरार
मुंगेर जिले में सोमवार की दोपहर हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली। तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। लोगों ने गर्मी को 'गैस चैंबर' जैसा बताया। मौसम विभाग ने...

मुंगेर संवाददाता। मुंगेर जिले में कई दिनों के बाद सोमवार की दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शहर के विभिन्न हिस्सों में दोपहर 3:00 बजे के आसपास हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि, लोगों को भीषण गर्मी और उमस से अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी। सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे और दिन भर दक्षिणी-पूर्वी दिशा से चल रही हल्की हवा के बीच दोपहर बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जो काफी देर तक होती रही। हवा की अधिकतम गति 23 किमी प्रति घंटा रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक केंद्र, मुंगेर के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है।
ऐसे में, सोमवार को मुंगेर का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस, तो अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी के कारण शहरवासियों ने दिन के समय घरों से निकलने से परहेज किया। गर्म हवा और उमस ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया। लोगों का कहना था कि गर्मी इतनी अधिक थी कि मुंगेर शहर एक "गैस चैंबर" जैसा महसूस हो रहा था। गर्मी एवं उम्र की स्थिति शाम 7:00 बजे भी कम नहीं थी। शाम 7:00 बजे मुंगेर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था तो अनुभव 40 डिग्री सेल्सियस का हो रहा था। वैसे, मुंगेर में हुई बूंदाबांदी से वातावरण में थोड़ी नमी जरूर आई, लेकिन गर्मी और पसीने से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। ऐसे में आज भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि तो अधिकतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है। दक्षिणी-पूर्वी दिशा से हल्की हवा का बहाव जारी रहेगा, जिसकी अधिकतम गति 18 किमी प्रति घंटा रह सकती है। वहीं, आज मुंगेर का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल जिलेवासियों को मानसून की सक्रियता का इंतजार है, जिससे लगातार हो रही तपिश और उमस से पूरी तरह राहत मिल सके। मौसम में बदलाव की हल्की दस्तक ने उम्मीद जरूर जगाई है, लेकिन फिलहाल गर्मी से निजात मिलती नहीं दिख रही। जिले में शीघ्र ही मानसून के प्रवेश के आसार हैं। अगली एक-दो दिनों में अच्छी वर्षा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही तापमान में भी कमी आएगी। -मुकेश कुमार, वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान,केविके, मुंगेर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।