महिला संवाद बना सशक्त अभिव्यक्ति का मंच
मुंगेर में 'महिला संवाद' कार्यक्रम ने महिलाओं की सशक्त आवाज़ का रूप ले लिया है। इस कार्यक्रम में महिलाएं अपने अधिकारों और आवश्यकताओं पर चर्चा कर रही हैं। खड़गपुर, असरगंज और टेटिया बंबर में आयोजित...

मुंगेर, एक संवाददाता। ग्रामीण विकास विभाग की पहल 'महिला संवाद' अब केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं की सशक्त आवाज बन चुका है। बुधवार को महिला संवाद के 13वें दिन जिले के 12 विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं और किशोरियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खुलकर अपनी बातों को रखा। खड़गपुर प्रखंड के गांव गोबड्डा और बहिरा में उजाला एवं तिरंगा जीविका महिला ग्राम संगठन के महिला सदस्यों के साथ आयोजित संवाद में महिलाओं ने समाज और गांव के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। कंचन दीदी ने खड़गपुर अस्पताल में महिलाओं के अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था की मांग की, वहीं शांति दीदी ने कोल्ड स्टोरेज तथा छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप और इंटरनेट देने की आवश्यकता जताई।
जबकि, वीणा दीदी ने छोटे सरकारी कार्य जीविका को दिए जाने की मांग की। वहीं, असरगंज प्रखंड के चौरगांव में आयोजित संवाद में सुरुचि जीविका महिला ग्राम संगठन के 200 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में सामुदायिक समन्वयक रत्नाकर ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, रमनी देवी ने सतत जीविकोपार्जन योजना से मिली आर्थिक सहायता की सराहना की। जबकि, सुबाला भारती ने साइकिल योजना और सविता देवी ने महिला आरक्षण से लाभ मिलने की बात कही। इसी तरह से, रेखा देवी ने बच्चियों की पढ़ाई हेतु लाइब्रेरी, इंदु कुमारी ने पुलिस चौकी और रिंकी देवी ने पुरुषोत्तमपुर में सुरक्षा हेतु पुलिस फांड़ी की मांग की। जबकि, टेटिया बंबर प्रखंड के धपड़ी गांव में दीपक जीविका महिला ग्राम संगठन की महिला सदस्यों के साथ आयोजित संवाद में सरकार की योजनाओं पर फिल्म प्रदर्शित की गई। उपस्थित महिलाओं ने वृद्धा, विकलांग और विधवा पेंशन की राशि बढ़ाने सहित पशु शेड, जीविका हाट, यात्री शेड, सोलर लाइट, सामुदायिक पुस्तकालय और वृक्षारोपण जैसे विकासात्मक मुद्दों पर अपनी मांग रखी। ऐसे में स्पष्ट है कि, महिला संवाद कार्यक्रम अब गांव की महिलाओं के लिए सशक्त मंच बनता जा रहा है, जहां वे खुलकर अपने अधिकार और जरूरतों की बातें कर रही हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।