Special Campaign for Ayushman Cards in Muzaffarpur from May 26-28 आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान 26 से, Muzaffarpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsSpecial Campaign for Ayushman Cards in Muzaffarpur from May 26-28

आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान 26 से

मुजफ्फरपुर में 26 से 28 मई तक आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। अभियान में 4,32,923 कार्ड बनाने...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरSat, 24 May 2025 04:17 AM
share Share
Follow Us on
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान 26 से

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अगले सप्ताह तीन दिन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। 26 से 28 मई तक चलने वाले इस अभियान की सफलता के लिए डीएम सुब्रत कुमार सेन ने जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ शुक्रवार को बैठक की। समाहरणालय सभाकक्ष में हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि इस अभियान के दौरान 4,32,923 आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है, ताकि आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ सभी योग्य लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके।

साथ ही 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड भी प्रदान किया जाना है। इसके लिए पंचायत के वसुधा केंद्र तक योग्य लाभुकों को लाकर उनका कार्ड बनवाया जाना चाहिए। इसमें कार्यपालक सहायक के अलावा पंचायत विकास मित्र और आशा को मदद करना होगा। महादलित टोलों में छूटे परिवारों को भी इसका शत-प्रतिशत लाभ देना है। उन्होंने बताया कि कोई भी लाभुक मोबाइल फोन से स्वयं आयुष्मान कार्ड बना सकता है। साथ ही पहले से योजना से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत वय वंदन कार्ड के लिए केवाईसी कराने में मदद करनी है। डीएम ने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में अब तक 18,60,968 कार्ड बनाये गये हैं। तीन दिन के विशेष अभियान में लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक प्रखंड को लक्ष्य निर्धारित कर टास्क पूरा करने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने अपने-अपने प्रखंड में नोडल पदाधिकारी नामित किये। वे बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक जीविका, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आदि के साथ समन्वय बनाते हुए इसे पूरा करेंगे। इसकी सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने का जिम्मा अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी, पश्चिमी तथा सिविल सर्जन को दिया गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।