बिहार में मौसम का येलो और ऑरेंज अलर्ट, जानिए आज कहां आंधी-वज्रपात का खतरा
Bihar Mausam Update: मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार के विभिन्न जिलों में आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने का येलो एवं ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है।

Bihar Weather Today: बिहार में शनिवार को भी ठनका और आंधी की चेतावनी है। वहीं उत्तर बिहार के कुछ स्थानों पर और दक्षिण बिहार के एक-दो जगहों पर बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार और उत्तर-पूर्व भाग के एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट है। वहीं राज्य के उत्तर-पश्चिम एवं उत्तर-मध्य भाग के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट है।
इससे पहले शुक्रवार को बिहार के ज्यादातर शहरों में सूरज की तल्खी से अधिकतम तापमान में और रात में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार बीते 24 घंटे के भीतर 22 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। इस दौरान मुंगेर के असरगंज में सबसे अधिक 112.8 मिलीमीटर पानी गिरा हुई। नालंदा और शेखपुरा में 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 22.1 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा और समस्तीपुर का पूसा रहा। वहीं सबसे 40 डिग्री सेल्सियस के साथ रोहतास का डेहरी अधिकतम तापमान वाला शहर रहा।
31 मई तक भारी बारिश के आसार रहेंगे
पटना मौसम केंद्र ने शुक्रवार को अनुमान जताया कि पूरे बिहार में नमीयुक्त पूर्वा एवं दक्षिण-पूर्वी हवाओं के प्रवाह में बढ़ोतरी हुई है। इससे 24 से 31 मई तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है। किसानों को खेतों में कटी हुई फसल को सुरक्षित जगह पर भंडार करने की सलाह दी गई है।
आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आज पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ही कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। वहीं, कुछ जगहों पर बरसात हो सकती है। अन्य सभी जिलों में वज्रपात और आंधी का येलो अलर्ट है, जहां हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।
पटना में आज भी छाएगा बादल, बारिश के आसार
पटना में शनिवार को बादल छाने के आसार हैं। बादल छाए रहने के साथ ही एक-दो स्थानों पर ठनका और बारिश हो सकती है। शुक्रवार को राजधानी में सूरज की तल्खी के बीच कुछ समय के लिए बादल भी छाया रहा है। सूरज की तल्खी से पटना के अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस और रात में बादल छाने से न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 36.1 व न्यूनतम 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा।