चलती रही पुरवैया, सताती रही गर्मी, परेशानी चरम पर
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। मौसम के मिजाज में फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार तक नमी के बीच पुरवैया हवा के कारण राहत भरा मौसम रहा लेकिन रविवार को मौसम के तेवर कड़े रहे।

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। मौसम के मिजाज में फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार तक नमी के बीच पुरवैया हवा के कारण राहत भरा मौसम रहा लेकिन रविवार को मौसम के तेवर कड़े रहे। शनिवार तक दिखने वाले मंडराते बादल करीब-करीब छंट गए। रविवार की सुबह से ही खिल कर निकली धूप दोपहर तक कड़क हो गयी और लोगों को खूब सताती रही। इतने पर ही राहत नहीं रहने वाली है। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि सोमवार से मौसम के तल्ख होने की पूरी संभावना बन रही है। इसके साथ ही पारा लगातार चढ़ता जाएगा। शनिवार को जहां 32.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान था, उसमें सीधे ही छह डिग्री तक का उछाल रहा और यह 38.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को एक डिग्री बढ़कर 24.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शनिवार तक रहे बादल तो रही नरमी, अब बदला मौसम शनिवार तक आसमान में बादलों की आवाजाही और पुरवैया (पूर्वी हवा) के कारण मौसम सुहाना बना रहा। दिन भर हल्की नमीयुक्त हवा चलती रही जिससे गर्मी से परेशान लोगों ने सुकून की सांस भी ली। मौसम विभाग के अनुसार, बादल के कारण न्यूनतम तापमान समान्य से अधिक रहा। साथ ही शनिवार को बादल और पुरवइया के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट रही। ऐसे में दिन का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया और मौसम राहत भरा बना रहा था। लेकिन मौसम पूर्वानुमान में जैसा कहा गया था, ठीक वैसा ही रविवार को दिखा और नमी के कारण उमस भी बना रहा तो गर्मी अपने चरम पर रही। बंगाल की खाड़ी से अब भी उठ रही नमी वाली हवा बंगाल की खाड़ी से अब भी नमीयुक्त हवा आ रही है। कृषि मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार ने बताया कि इन हवाओं के कारण वातावरण में नमी बढ़ी हुई। छिटपुट ही अब बादल दिख रहे हैं। हालांकि जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ेगा, तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। यानी बीते दो दिनों की राहत के बाद फिर से गर्मी अपने तेवर दिखाने लगेगी, जिसका नजारा रविवार से ही दिखने लगी है। बल्कि सोमवार से मौसम के और भी ज्यादा तल्ख होने की संभावना बन रही है। इस कारण पारा काफी तेजी से ऊपर चढ़ सकता है। --------------------------- विगत पांच में से तीन सालों से अधिक रहा गर्म रहा रविवार नवादा। अब बदले मौसम के बीच अधिकतम तापमान का औसत 38 से 40 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान का औसत 24 से 26 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा। विगत पांच में से कम से कम तीन सालों की तुलना में चालू वर्ष का रविवार गर्म बना रहा। 2025 का रविवार जहां 38.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान और 24.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान वाला रहा वहीं इसकी तुलना में 20 अप्रैल 2024 को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस था। 20 अप्रैल 2023 को भी बिल्कुल 2024 वाली स्थिति ही थी जबकि 20 अप्रैल 2022 को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस बना रहा था। 20 अप्रैल 2021 को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और 20 अप्रैल 2020 को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस बना रहा था। इस प्रकार, चालू वर्ष का रविवार 2020, 2021 और 2022 की तुलना में गर्म रहा। ---------------------- मौसम में होने वाले संभावित बदलाव: -नमी वाली हवा में आएगी कमी, अधिकतम तापमान में होती जाएगी वृद्धि -एक दिन बाद से पुरवैया औ नमी के कारण उमस वाली गर्मी सताएगी जबरदस्त -बंगाल की खाड़ी की नमीयुक्त हवा और पश्चिमी विक्षोभ के असर से तल्ख मौसम की है संभावना -अगले पांच दिनों में औसतन दो से तीन डिग्री तक अधिक हो जाएगा अधिकतम तापमान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।