झारखंड में बीजेपी को रोका, अब बिहार की बारी; पटना के गांधी मैदान से भाकपा माले का 'बदलाव' संकल्प
भाकपा माले की ओर से आयोजित बदलो बिहार महाजुटान में बिहार में बदलाव का संकल्प लिया गया इस दौरान पार्टी महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि हमने एकजुट होकर झारखंड में भाजपा को रोका है, अब बिहार भी पीछे नहीं रहेगा।

पटना के गांधी मैदान में रविवार को महागठबंधन की सहयोगी पार्टी भाकपा माले की ओर से आयोजित बदलो बिहार महाजुटान में बिहार में बदलाव का संकल्प लिया गया। इस मौके पर पार्टी महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य भर की आंदोलनकारी ताकतें यहां मौजूद हैं। अगर सभी मिलकर लड़ाई लड़ें, तो बिहार में जरूर बदलाव आएगा। उन्होने कहा कि हमने एकजुट होकर झारखंड में भाजपा को रोका है, बिहार भी पीछे नहीं रहेगा।
दीपांकर भट्टाचार्य ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि न्याय यात्रा में जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। गांधी मैदान में आज बदलाव का संकल्प पत्र बना है। जिसे गांव-गांव तक पहुंचाना है। अब जातियों में नहीं बंटना है। अगर किसान-मजदूरों की एकता बन जाय तो सब कुछ संभव है। जातीय गणना के बाद भी 65 फीसदी आरक्षण लागू नहीं किया गया है। हम लोग इसे लागू करवाएंगे। 200 यूनिट फ्री बिजली देंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड में महिलाओं को 2500 रुपये दिए जा सकते हैं तो बिहार में क्यों नहीं? वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमार के आगे-पीछे भाजपा लगी है। वो सत्ता हासिल करके राज्य को सामंतवाद के दौर में ले जाना चाहती है। लेकिन ऐसा नहीं होने देना है, बिहार संघर्ष के लिए जाना जाता है। यह सब नहीं देखेगा, सब मिलकर लड़ेंगे, और बिहार में 2025 में बदलाव जरूर आएगा। आपको बता दें महाजुटान में शामिल होने के लिए सीमांचल, चंपारण और अन्य दूर-दराज के इलाकों से पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे हुए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।