कांग्रेस की बी टीम बनकर काम रहा राजद: तरुण
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि कांग्रेस और अन्य दलों ने बाबा साहब आंबेडकर के विचारों के खिलाफ षड्यंत्र किया है। उन्होंने कांग्रेस पर दलितों का नुकसान करने का आरोप लगाया और कहा कि राजद...

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों के खिलाफ षड्यंत्र रचा है। कांग्रेस और राजद जैसे दल खुद को दलितों और पिछड़ों का रक्षक बताते हैं, जबकि वास्तविकता है कि कांग्रेस ने इनका नुकसान किया है। राजद तो कांग्रेस की बी टीम बनकर रह गई है। गुरुवार को वे भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इसके पहले कार्यशाला का उद्घाटन तरुण चुग और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। चुग ने कहा कि काका कालेलकर आयोग (1956) और मंडल आयोग (1980) की रिपोर्ट को वर्षों तक लटकाने और संसद में उनका विरोध करने का पाप कांग्रेस पर ही है। जवाहर लाल नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक कांग्रेस नेतृत्व ने आरक्षण का विरोध किया और आज राजद उसी कांग्रेस की चरणवंदना कर रहा है। राजीव गांधी ने मंडल आयोग की रिपोर्ट पर संसद में आरक्षण विरोधी भाषण दिया था। उन्होंने कहा कि राजद नेता लालू प्रसाद को बताना चाहिए कि आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस के साथ वे आज क्यों खड़े हैं? उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अकेले 50 निर्वाचित सरकारों को गिराया और कांग्रेस के शासन में लगभग 90 सरकारों को बर्खास्त किया गया था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार भाजपा बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर प्रदेश से लेकर मंडल और बूथस्तर तक कार्यक्रम आयोजित करेगी। बाबा साहेब के आदर्शों और कार्यों से सीखकर राष्ट्र की सेवा करने की प्रेरणा और बलवती होती है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने बार-बार कहा है कि देश का संविधान हमारे लिए सर्वोपरि है और हम कभी इस पर आंच नहीं आने देंगे। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब की जयंती पर 13 से 25 अप्रैल तक कार्यक्रम होंगे। इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने ही मंडल कमीशन का भी विरोध किया था। यह इतिहास का तथ्य है। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा भारतीय संविधान और संविधान रचयिता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का सम्मान किया है। 1990 में भाजपा समर्थित सरकार ने ही डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित किया। मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री शिवेश राम, कार्यक्रम प्रभारी लालबाबू गुप्ता, संतोष पाठक, पिंकी कुशवाहा, सुबोध पासवान समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।